बिजनौर: गुलदार के हमले से महिला हुई बेहोश, क्षेत्र में दहशत का माहौल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फोटो- बादशाहपुर में ग्रामीणों से जानकारी लेती वन विभाग की टीम।

 रेहड़, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के गांव बादशाहपुर में बुधवार सुबह खेत से चारा लेने गई महिला पर गुलदार ने हमले का प्रयास किया। हालांकि महिला शोर मचाती हुई गांव की ओर भाग आई लेकिन घर आकर गुलदार की दहशत से  बेहोश हो गई। परिजनों ने उपचार के लिए उसे चिकित्सक के यहां भर्ती कराया है। वन विभाग के टीम ने गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया।

बादशाहपुर गांव निवासी राखी (28) पत्नी तेजपाल सिंह बुधवार सुबह घर से कुछ ही दूर स्थित गांव हसनपुर निवासी अरविंद कुमार चौहान के गन्ने के खेत से चारा लेने गई थी। तभी गन्ने के खेत से निकलकर गुलदार ने उस पर हमले का प्रयास किया। शोर मचाती हुई महिला घर आकर बेहोश हो गई। इसके बाद ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर घटनास्थल पर पहुंचे।

गुलदार किसान अरविंद कुमार चौहान के गन्ने के खेत से निकलकर पड़ोसी किसान महिपाल चौहान के गन्ने के खेत में घुस गया। ग्रामीणों ने महिपाल  के गन्ने के खेत को चारों ओर से घेर लिया और वन कर्मियों को इसकी सूचना दी। सूचना पर रेंजर प्रोवेशन बिजनौर रेंज महेश गौतम, ट्रेंक्यूलाइज स्पेशलिस्ट पशु चिकित्साधिकारी कानपुर प्राणी उद्यान डॉ. नासिर, टाइगर स्पेशलिस्ट डब्ल्यूडब्ल्यूएफ पीलीभीत प्रेमचंद, टाइगर मित्र महेंद्रपाल व दयाराम, वन दरोगा जगत सिंह राणा, वन कर्मी अब्बास, सनी कुमार मौके पर पहुंचे।

वन विभाग के अधिकारियों ने पैरों के निशान देखकर गुलदार होने की पुष्टि की। वन विभाग की टीम ने पिंजरा लगाकर गुलदार की निगरानी शुरू कर दी है। ग्रामीणों से जंगल में अकेले न जाने की अपील की है।

यह भी पढ़ें- बिजनौर : गुलदार के हमले में युवक की मौत,12 घंटे में ले चुका दो की जान

संबंधित समाचार