Pilibhit: बाहरी भगाओ शहर बचाओ के नारे लगे तो चल दिए भाजपा प्रत्याशी के समर्थक, देखिए VIDEO

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों की नारेबाजी के बाद चले गए भाजपा प्रत्याशी के समर्थक

पीलीभीत, अमृत विचार। नगर पालिका पीलीभीत सीट पर प्रत्याशियों के जनसंपर्क के दौरान अब जुबानी जंग तेज हो गई है। भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थक आमने आए तो माहौल गरमा गया।  निर्दलीय के समर्थकों ने गदा लहराते हुए बाहरी भगाओ, शहर बचाओ...के नारे लगाना शुरू कर दिए तो भाजपा समर्थक कुछ देर रुकने के बाद आगे बढ़ गए। हालांकि बाद में पलटवार भी सामने आया। कुछ महिला समर्थकों ने निर्दलीय प्रत्याशी के कार्यालय के पास पहुंचकर योगी-मोदी जिंदाबाद के नारे लगाए। दोनों ही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।  

भारतीय जनता पार्टी से पीलीभीत नगर पालिका सीट पर डॉ. आस्था अग्रवाल को टिकट दिया गया है। वह अपने समर्थकों के साथ जनसंपर्क करने में जुटी हैं। भाजपा के ही बागी महंत अवनेश कौशिक की पत्नी प्रियंका कौशिक निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर ताल ठोंक चुकी हैं। चुनाव चिन्ह गदा के साथ उनके समर्थक भी घर-घर जाकर वोट मांग रहे हैं।

बुधवार को वार्ड नंबर 10 में दोनों ही प्रत्याशियों के समर्थक आमने सामने आ गए। भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में वोट करने की अपील उनके समर्थक कर रहे थे। इसी बीच जैसे ही निर्दलीय प्रत्याशी प्रियंका कौशिक के समर्थक वहां पहुंचे तो माहौल गरमा गया। निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थक हाथ में चुनाव चिन्ह गदा लिए हुए थे। वह भाजपा के समर्थकों को देखते हुए जोर-जोर से बाहरी भगाओ, शहर बचाओ के नारे लगाने लगे। अ

पने प्रत्याशी को वोट की अपील की जाती रही। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इसकी चर्चाएं सोशल मीडिया पर तेज थी। इसका शोर अभी थमा नहीं था कि शाम को एक और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। जिसमें कुछ भाजपा की महिला समर्थक निर्दलीय प्रत्याशी के कार्यालय के नजदीक मोदी-योगी जिंदाबाद और भाजपा के नारे लगाती रहीं। जिससे दोनों प्रत्याशियों के बीच जुबानी जंग छिड़ी दिखाई दे रही है। फिलहाल कुछ भी हो सड़कों पर चुनावी रंग चढ़ता दिखाई दे रहा है।

कार्यालय उद्घाटन पर भी साधा था निशाना
विपक्षी दल के हों या निर्दलीय उम्मीदवार भाजपा प्रत्याशी को बाहरी बताते हुए लगातार विरोध कर रहे हैं। कुछ दिन पहले ही आवास विकास कॉलोनी में इससे जुड़े पोस्टर भी लगाए गए थे। उसके बाद निर्दलीय उम्मीदवार प्रियंका कौशिक के कार्यालय उदघाटन के दौरान उनके पति पंडित अवनेश कौशिक भी तल्ख अंदाज में बाहरी प्रत्याशी का मुद्दा उठाते हुए दिखे थे। खुले मंच से सवाल भी पूछ लिया था कि बेटी का घर शादी के बाद कौन सा होता है? इसके वीडियो भी खूब वायरल हुए थे।

यह भी पढ़ें- Pilibhit: बाहरी प्रत्याशी थोपने वाली भाजपा से जनता बौखलाई, सपा को मिल रहा समर्थन- नफीस

संबंधित समाचार