बरेली : मुख्य परीक्षा के 1.89 लाख फार्म भरे गए, कल अंतिम दिन
29 और 30 मार्च से भरे जा रहे हैं संस्थागत और व्यक्तिगत परीक्षा फार्म
बरेली, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय के स्नातक और परास्नातक की मुख्य परीक्षा के फार्म भरने की अंतिम तिथि 5 मई है। अब सिर्फ दो दिन फार्म भरने को बाकी है। अब तक एक लाख 89 हजार से अधिक परीक्षा फार्म भरे जा चुके हैं। एक सप्ताह में करीब 50 हजार फार्म भरे गए हैं। विश्वविद्यालय ने मुख्य परीक्षा का कार्यक्रम 20 मई से जारी किया है। ऐसे में अंतिम दिनों में अधिक से अधिक फार्म भरे जाएंगे और संख्या दो लाख के पार पहुंच सकती है।
स्नातक और परास्नातक के संस्थागत छात्रों के परीक्षा फार्म 29 मार्च और व्यक्तिगत छात्रों के 30 मार्च से भरे जा रहे हैं। विश्वविद्यालय ने परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि 26 अप्रैल निर्धारित की थी लेकिन बड़ी संख्या में छात्र फार्म भरने से रह गए थे। इसके चलते विश्वविद्यालय ने परीक्षा फार्म भरने की तिथि 10 दिन बढ़ाकर 5 मई अंतिम तिथि निर्धारित की थी।
विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर दर्ज आंकड़ों के अनुसार बुधवार शाम 6 बजे तक 1,89,414 परीक्षा फार्म भरे गए थे, जिसमें 69105 फार्म व्यक्तिगत छात्रों ने भरे हैं। स्नातक में बीए में 95443 फार्म भरे गए हैं, जिनमें 38201 व्यक्तिगत परीक्षा फार्म हैं। इसके अलावा बीएससी में 23787 और बीकॉम में 10398 फार्म भरे गए हैं। इसके अलावा अन्य पाठ्यक्रमों के 7734 फार्म भरे गए हैं। स्नातक में कुल 137362 फार्म भरे गए हैं। इसके अलावा परास्नातक में 52052 फार्म भरे गए हैं। जिनमें एमए में 41845, एमएससी में 5124 और एमकॉम में 13548 फार्म भरे गए हैं। एमए में 25510 व्यक्तिगत छात्रों ने फार्म भरे हैं।
ये भी पढ़ें- बरेली : तालाबों से कब्जे हटे तो उजड़ जाएंगी शहर में बसी कई कॉलोनियां
