चित्रकूट : संसद भवन में भाषण देंगी ग्रामोदय विवि की छात्रा प्रिया
चित्रकूट, अमृत विचार। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग दिल्ली ने महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय में बीएड की छात्रा प्रिया त्रिपाठी को संसद भवन में भाषण देने के लिए चयनित किया है। प्रिया नौ मई को संसद भवन के केंद्रीय कक्ष में गुरुदेव रवींद्र नाथ टैगोर के जीवन, उपलब्धि औऱ योगदान पर भाषण देंगी। यूजीसी ने छात्रा को संसद भवन पहुचने के लिए अपनी ओर से हवाई जहाज का टिकट भेजा है।
प्रिया के चयनित किये जाने पर कुलपति प्रो. भरत मिश्रा ने अपने कार्यालय में बुलाकर उसे मिठाई भी खिलाई। कुलपति ने कहा कि ग्रामोदय विश्वविद्यालय की ओर से छात्रा के पिता गौकरण त्रिपाठी को भी उसके साथ दिल्ली भेजा जाएगा। अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. शशिकांत त्रिपाठी व उपकुलसचिव (अकादमी) डॉ. कुसुम सिंह ने बताया कि संसदीय लोकतंत्र अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान (प्राइड) लोकसभा सचिवालय राष्ट्रीय नेताओं को उनकी जयंती पर पुष्पांजलि करने में युवाओं की भागीदारी के लिए संसद के सेंट्रल हाल में समारोह आयोजित करता है।
यूजीसी की यह पहल आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान देश के युवाओं के बीच राष्ट्रीय नेताओं के जीवन और योगदान के बारे में अधिक ज्ञान और जागरूकता फैलाने में भी मददगार साबित होगी। विश्वविद्यालय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता के माध्यम से चुनिंदा विद्यार्थियों में से सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थी के रूप में छात्रा प्रिया त्रिपाठी को चुना गया। तत्पश्चात मध्य्प्रदेश राज्य से भी प्रिया त्रिपाठी के नाम पर मुहर लग गई। प्रतियोगिता की श्रृंखला को पार करते हुए प्रिया त्रिपाठी संसद भवन में व्याख्यान के लिए मध्यप्रदेश राज्य की ओर से चयनित हो गई। छात्रा की इस उपलब्धि पर ग्रामोदय विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी व छात्र छात्राओं ने प्रसन्नता जताई है।
यह भी पढ़ें : इमोशनल ड्रामे से घबराने वाला नहीं, नहीं दूंगा इस्तीफा : बृजभूषण
