इमोशनल ड्रामे से घबराने वाला नहीं, नहीं दूंगा इस्तीफा : बृजभूषण 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पहलवानों द्वारा इस्तीफे की मांग पर डब्लूएफआई प्रमुख ने किया पलट वार

गोंडा, अमृत विचार। अंतर्राष्ट्रीय महिला पहलवानों की तरफ से लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे डब्लूएफआई प्रमुख व बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने एक बार फिर धरना दे रहे पहलवानों पर पलट वार करते हुए कहा है कि वह इमोशनल ड्रामे से घबराने वाले नहीं हैं। किसी के कहने पर वह इस्तीफा नहीं देंगे। हां, अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या मुख्यमंत्री योगी जिस दिन कह देंगे उस दिन वह पद क्या राजनीति से इस्तीफा दे देंगे। 

भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर महिला खिलाड़ियों के साथ यौन उत्पीड़न का आरोप लगाकर अंतर्राष्ट्रीय रेसलर विनेश फोगाट, साक्षी मलिक व बजरंग पुनिया दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना दे रहे हैं। 7 महिला खिलाड़ियों की तरफ से दिल्ली के कनॉट प्लेस थाने में बृजभूषण के खिलाफ यौन उत्पीड़न के एफआईआर भी दर्ज कराई गई है। एफआईआर दर्ज कराने वालों में एक नाबालिग भी शामिल है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर दर्ज की गई इस एफआईआर की जांच दिल्ली पुलिस को मिली है।  पांच मई को सुप्रीम कोर्ट में मामले की फिर सुनवाई होनी है‌। दिल्ली पुलिस खिलाड़ियों की तरफ से लगाए गए आरोपों का परीक्षण करने में जुटी है। वहीं धरने पर बैठे पहलवान डब्लूएफआई प्रमुख के इस्तीफे और उनकी गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पहलवानों द्वारा इस्तीफे की मांग पर पलट वार करते हुए सांसद ने कहा कि सांसद का पद उन्हें उनके क्षेत्र की जनता ने दिया है। विनेश फोगाट या अन्य किसी खिलाड़ी ने नहीं दिया है। इस्तीफा देकर वह खुद को अपराधी नहीं साबित करना चाहते। सांसद ने कहा कि जो आरोप लगाए गए हैं उनसे बाहर निकलना मेरा काम है। मैं न्यायपालिका की प्रतीक्षा करूंगा पुलिस की जांच की प्रतीक्षा करूंगा लेकिन किसी के कहने पर इस्तीफा नहीं दूंगा। हां अगर प्रधानमंत्री मोदी या मुख्यमंत्री योगी कहेंगे तो वह तत्काल राजनीति से इस्तीफा दे देंगे और कभी चुनाव नहीं लड़ेंगे। बिना चुनाव लड़े भी समाज की सेवा की जा सकती है। डब्लूएफआई प्रमुख ने कहा कि वह किसी के इमोशनल ड्रामें से घबराने वाले नहीं है‌।  

क्षेत्र के मांगलिक कार्यक्रमों में मशगूल रहे सांसद 

डब्लूएफआई प्रमुख के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय पहलवान भले ही दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना दे रहे हों और उनकी गिरफ्तारी की मांग कर रहे हों लेकिन संगीन आरोपों से घिरे होने के बावजूद सांसद बृजभूषण शरण सिंह खुद को संतुलित दिखाने की कोशिश कर रहे हैं।‌ बुधवार को वह अपने संसदीय क्षेत्र कैसरगंज में आयोजित कई मांगलिक कार्यक्रमों में शामिल हुए जहां उनके समर्थकों की तरफ से सांसद का जोरदार स्वागत किया गया। सांसद बृजभूषण ने बुधवार को वजीरगंज बालेश्वरगंज के भरहापारा गांव में ग्राम प्रधान गोपाल सिंह के यहां आयोजित तिलकोत्सव समारोह में शिरकत की।‌ इसी तरह बड़गांव चौराहे पर उमेश शाह के यहां आयोजित उनकी बेटी के वैवाहिक समारोह में हिस्सा लिया। बहराइच सदर के राजापुर कला में राजेश सिंह के यहां मपंडन संस्कार में तरबगंज के दुर्जनपुर ग्राम पिपरी के हरिश्चन्द्र सिंह के यहां आयोजित तिलकोत्सव समारोह और बहराइच जिले के धर्मपुर गांव के प्रधान धर्मराज सिंह के यहां आयोजित मुंडन संस्कार में सम्मिलित रहे। यहां उनके समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत भी किया।

यह भी पढ़ें : बस्ती : ऑफलाइन वेतन भुगतान की मांग को लेकर शिक्षकों का असहयोग आंदोलन शुरू

संबंधित समाचार