Nikay Chunav 2023 : अमरोहा में कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

डॉ. हरि सिंह ढिल्लो, महेंद्र खड़वंशी, राजीव तरारा, अभिनव कौशिक, महबूब अली, कमाल अख्तर साख बचाने में लगे

अमरोहा, अमृत विचार। नगर पालिका परिषद के चुनाव में जहां एक बार सत्ताधारी पार्टी को अपना वर्चस्व बनाए रखने की चिंता सता रही है। वहीं, दूसरी ओर, सपा के सदर विधायक महबूब अली की प्रतिष्ठा भी दांव पर है। कांठ से सपा विधायक कमाल अख्तर, विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी, विधायक राजीव तरारा और विधान परिषद सदस्य डॉ. हरि सिंह ढिल्लो जैसे दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा भी चुनाव परिणाम से जुड़ी है।

भाजपा ने स्थानीय निकाय चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा कर पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बना दिया है। भाजपा के सामने अमरोहा, गजरौला, धनौरा की सीटों को बचाने की चुनौती है, वहीं अन्य सीटों पर कामयाबी हासिल करना जरूरी है। सैदनगली नगर पंचायत में पहली बार चुनाव होंगे। ऐसे में भाजपा ने पार्टी के जिला महासचिव अभिनव कौशिक की भाभी को प्रत्याशी बनाया है।

अमरोहा में वर्ष 2017 में भाजपा प्रत्याशी शशि जैन ने जीत हासिल की थी। इस बार भी यह सीट जीतना पार्टी व शशि जैन ही नहीं, बल्कि शिक्षक विधायक हरि सिंह ढिल्लों, प्रदेश के मंत्री व जिला प्रभारी संजय गंगवार की प्रतिष्ठा से जुड़ा है। इसी तरह सपा प्रत्याशी रेहाना इकरार व नगर पंचायत जोया के प्रत्याशी जाहिद हुसैन की सीट पर विजय हासिल कराना सदर विधायक महबूब अली तथा पूर्व एमएलसी परवेज अली की प्रतिष्ठा से जुड़ा हुआ है।

कांठ से सपा विधायक कमाल अख्तर की प्रतिष्ठा उनकी पारिवारिक सीट उझारी नगर पंचायत से जुड़ी है। वर्षों से उनके परिवार को कोई न कोई सदस्य नगर पंचायत का अध्यक्ष रहा है। काफी समय तक उनकी माता महजबीन यहां की अध्यक्ष रहीं। जबकि वर्ष 2017 में हुए स्थानीय निकाय चुनाव में कमाल अख्तर की पत्नी हुमैरा अख्तर नगर पंचायत अध्यक्ष बनीं। इस बार उनके सामने अपने परिवार में इस सीट को कायम रखना चुनौती बना हुआ है। जबकि हसनपुर में भी सपा से बदर कुरैशी नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में हसनपुर व नगर पंचायत उझारी में कमाल अख्तर की प्रतिष्ठा जुड़ी हुई है। तो, वहीं विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी के विधानसभा क्षेत्र में नगर पालिका हसनपुर, नगर पंचायत उझारी और सैदनगली है, जबकि विधायक राजीव तरारा के क्षेत्र में तीन नगर पालिका धनौरा, गजरौला और बछरायूं हैं।

ये भी पढ़ें :  इतिहास दोहराने की कगार पर अमरोहा पालिका का चुनाव, अब तक 12 मुस्लिम व पांच हिंदू चेयरमैन चुने गए

 

संबंधित समाचार