UP Nikay Chunav 2023 : Unnao में मतदान समापन के समय भारी बवाल, पुलिस को भांजनी पड़ी लाठियां, पढ़ें- पूरी खबर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में मतदान समापन के दौरान भारी बवाल।

उन्नाव में मतदान समापन के दौरान भारी बवाल हुआ। तीन स्थानों पर हुए बवाल में कहीं ईंट पत्थर चले तो कहीं मारपीट हुई। वहीं, पुलिस द्वारा लाठी पटकने की चर्चा रही।

उन्नाव, अमृत विचार। सदर कोतवाली क्षेत्र में तीन स्थानों पर मतदान समाप्ति से पूर्व बवाल हुए। दुपरापुर में दो दलों के प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच मारपीट के साथ ईंट पत्थर चलने की चर्चा रही। जिसके एक पक्ष के लोगों ने माहौल सम्प्रदायिक रूख देने का प्रयास किए जाने का दावा किया। वही वार्ड संख्या पांच बंधूहाल में एक प्रत्याशी के समर्थकों वहां तैनात पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

महिला पुलिस कर्मियों से अभद्रता की चर्चा भी रही। वहीं सदर कोतवाली के ठीक सामने भी दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच कहा सुनी के बाद मारपीट हो गयी। जिन्हें वहां तैनात सीआईएसएफ और पुलिस बल ने लाठी पटक कर खदेड़ा। पुलिस ने कुछ लोगों को पूछताछ के लिए कोतवाली भी लाई है। 

शहर के वार्ड संख्या 28 दुपरापुर के पुरानी बाजार मोहल्ला में दो दलों के प्रत्याशियों के समर्थकों में आपस में हुई कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गयी। बताया जा रहा है कि इस दौरान ईंट पत्थर भी चलाए गए। एक पक्ष से माहौल को साम्प्रदायिक करने का आरोप लगाते हुए पथराव का वीडियो होने का भी दावा किया है। हलांकि इस संबंध में किला चौकी प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि मौके पर पहुंचने पर उन्हें कोई नहीं मिला। यदि कोई तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।

इसी तरह वार्ड संख्या पांच बंधूहार में एक प्रत्याशी के समर्थकों की वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों से तू-तू मैं-मैं हुई। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। जिसमें एक महिला वहां तैनात महिला पुलिस कर्मी से वाद विवाद करती नजर आ रही है। यहीं का एक और वीडियो वायरल हुआ जिसमें पुलिस बल के साथ चल रहे कुछ लोग पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आ रहे हैं।

तीसरा मामला सदर कोतवाली के बाहर का है। यहां भी दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच मारपीट होने के बाद सीआईएसएफ के जवानों द्वारा लाठी पटकने की चर्चा सोशल मीडिया पर रही।

वहीं एक स्थान से एक हिंदू वादी नेता को पुलिस अपने साथ ले जाती भी नजर आई है। हलांकि अमृत विचार सोशल मीडिया पर वायरल किसी भी वीडियो और पोस्ट की पुष्टि नहीं करता है। इस संबंध में सदर कोतवाल राजेश पाठक ने बताया कि तीनों जगह हुए विवाद की सूचना मिली थी। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए कोतवाली लाया गया है। हलांकि अभी तक किसी पक्ष से कोई तहरीर नहीं प्राप्त हुई है। 

…और जब मतदान सम्पन्न होते ही बंद हो गया सीओ का मोबाइल

मतदान जैसे शीर्ष प्राथमिकता के दिन मतदान समापन के बाद सीओ सिटी आशुतोष कुमार के दोनों सीयूजी नंबर बंद हो गए। देरशाम 7:59 बजे और 8:18 बजे के बाद उनके दोनों नंबर पर संपर्क किया गया तो वे स्विच आफ थे। हो सकता है चुनावी व्यवस्ता में लगातार होती रही बातचीत के चलते बैट्री खत्म हो गई हो लेकिन इस महत्वपूर्ण समय में एक जिम्मेदार अधिकारी के पास बैकअप की व्यवस्था न होना विचारणीय है। 

आईजी के जाते ही चंपापुरवा में हुई मारपीट, आधा दर्जन घायल 

गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के चंपापुरवा मतदान केन्द्र के बाहर मतदान के समापन के बाद भाजपा प्रत्याशी और निर्दलीय प्रत्याशीय के समर्थक आमने-सामने आ गये। इस दौरान दोनों में जमकर लाठी डंडें और ईंट पत्थर चले। जिससे आधा दर्जन से अधिक लोगों को चोटें आई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए भेजा और कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।

शाम करीब पांच बजे आई तरूण गाबा चंपापुरवा अति संवेदनशीन प्लस मतदान केन्द्र का निरीक्षण करने पहुंचे। उनके जाने के बाद मतदान केन्द्र के बाहर शाम करीब छह बजे मतदान समाप्त हुआ। पोलिंग पार्टियों के जाने के बाद वार्ड नंबर नौ चंपापुरवा उत्तरी की भाजपा सभासद प्रत्याशी मंजरी तिवारी और निर्दलीय प्रत्याशी साधना निषाद और उनके समर्थक आमने-सामने आ गये। मंजरी तिवारी का आरोप है कि साधना निषाद और उनके पति महेश निषाद ने अपने समर्थकों के साथ लाठी डंडे और चापड़ से हमला बोल दिया।

बीच सड़क पर दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई व ईंट पत्थर चले। मारपीट की इस घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई। मारपीट की सूचना पहुंची गंगाघाट कोतवाली पुलिस ने मारपीट कर रहे कुछ लोगों को पकड़ कर कोतवाली ले आयी। मारपीट में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष के बीरबल परमार, किशन परमार, भिखारी निषाद, प्रमोद गौड़िया, शुभम गौड़िया, उत्तम गौड़िया को चोटे आई। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी की ओर से रमेश कश्यप के अलावा अन्य को चोटें आई हैं। पुलिस मारपीट की जांच पड़ताल कर रही है।

कोतवाली प्रभारी अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि घायलों को मेडिकल के लिये भेजा गया है। मारपीट करने वाले महेश निषाद, अंकुश गौतम, सूरज कश्यप, रमेश कश्यप, पंकज कश्यप को कोतलाली में बैठाया गया है। तहरीर के आधार पर विधिक कार्यवाही की जायेगी। वहीं भाजपा प्रत्याशी से मारपीट होने की सूचना पर तमाम भाजपा कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे। जहां काफी देर तक हंगामा होता रहा।

संबंधित समाचार