इटावा में शिवपाल यादव ने भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष की कराई वापसी, बोले-BJP में झूठ बोलने की ट्रेनिंग दी जाती
इटावा में शिवपाल यादव ने भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष सुनील यादव की सपा में कराई वापसी।
इटावा में शिवपाल यादव ने बीजेपी से पूर्व जिला अध्यक्ष सुनील यादव की समर्थकों के साथ घर वापसी कराई। इस दौरान शिवपाल यादव ने भारतीय जनता पार्टी में सिर्फ झूठ बोलने की ट्रेनिंग दी जाती है
इटावा, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी में सिर्फ झूठ बोलने की ट्रेनिंग दी जाती है और भाजपा की सरकार सबसे भ्रष्ट सरकारों में शामिल है। श्री यादव ने सपा से नाराज होकर भाजपा में शामिल होने वाले पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील यादव की शनिवार को पार्टी में घर वापसी कराई। उनके साथ सैकड़ों समर्थक भी सपा में शामिल हो गए।
समाजवादी पार्टी के महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा पूरे प्रदेश में निकाय चुनाव चल रहे हैं और यह चुनाव समाजवादी पार्टी के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। समाजवादी पार्टी को जनता का भारी समर्थन भी मिल रहा है। सुनील यादव हमारे बहुत नजदीक थे लेकिन कुछ समय के लिए वह भ्रमित हो गए थे।
कभी-कभी गलती हो जाती है और उसी गलती में अपने भी रास्ता भटक जाते हैं। सुनील यादव और उनके सभी साथियों का हृदय से स्वागत करते हैं। अब हम लोग फिर से मिलकर इटावा ही नहीं पूरे प्रदेश में भाजपा को हराएंगे ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश से हटाने का काम करेंगे। उन्होंने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा के झूठ बोलने वाले लोग हैं।
अगर तुलना की जाए तो सबसे ज्यादा भ्रष्ट सरकार भारतीय जनता पार्टी की है और सबसे ज्यादा झूठ वाले लोग वही हैं। इन 6 सालों में कोई भी वादा पूरा नहीं किया है केवल झूठे वादे जनता से किए हैं। अबकी बार चाहे नगरपालिका के चुनाव हो चाहे लोकसभा के आने वाले चुनाव हो, जनता ने भी तय कर लिया है कि भारतीय जनता पार्टी को वोट से ऐसी चोट देगी कि यह सत्ता में फिर कभी वापसी नहीं कर पाएगी।
श्री यादव ने राज्यसभा सांसद गीता शाक्य के सपा सरकार में जनता को वोट न डालने के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि गीता शाक्य भी सपा से चुनाव लड़ चुकी है लेकिन वहां वहां जाने के बाद सब झूठ बोलने लगते हैं न जाने भाजपा वाले कौन सी ट्रेनिंग देती है कि लोग केवल झूठ और बेईमानी पर उतारु हो जाते हैं। वहां सिर्फ बेईमानी की ट्रेनिंग मिलती है।
इनसे बेईमान क्या हो सकता है अभी जहां जहां चुनाव हुए हैं केवल यह लोग नौकरशाही के बल पर सब जगह बेईमानी कराने की कोशिश करते हैं इनसे बड़ा झूठ बोलेने वाला कौन होगा। उन्होंने सपा छोड़कर बसपा में शामिल होने वाले इदरीश अंसारी के बयान पर कहा कि जिस दिन रिजल्ट आएगा सभी की आंखे खुल जाएगी। उन्होंने कहा कि अबकी बार 2024 में भारतीय जनता पार्टी की सरकार देश में नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि जनता पूरी तरह से समाजवादी पार्टी के पक्ष में हैं और समर्थन कर रही है।
लेकिन भाजपा के लोग नौकरशाही के बल पर बेईमानी कराना चाहती है और जनता को वोट नहीं डालने देना चाहती है, लेकिन समाजवादी लोग मजबूती के साथ खड़े रहे और वोट डालें और भारतीय जनता पार्टी को हराएं।
घर वापसी करने वाले सुनील यादव ने कहा निकाय चुनाव का समय है। हम लोग समाजवादी आंदोलन से जुड़े रहे हैं। निकाय चुनाव में हम लोग पूरी ताकत के साथ लगेंगे। जब निकाय चुनाव की वोटिंग की गिनती होगी तो उस वक्त जीत दर्ज समाजवादी पार्टी करेगी।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में नफरत के सिवा कुछ नहीं है और हम जिस तरीके से समाजवादी पार्टी से जुड़े रहे हैं यहां प्रेम है सद्भाव है। इस मौके पर पीसीएफ चेयरमैन अंकुर यादव, जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, आशीष पटेल, वरिष्ठ सपा नेता उदयभान सिंह यादव मौजूद रहे।
