लखीमपुर-खीरी: चचेरी बहन का तिलक लेकर जा रहे भाई की सड़क हादसे में मौत, फूफा घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इमलिया चौराहा के पास बाइक के खंभे से टकराने से हुआ हादसा

धौरहरा-कफारा, अमृत विचार। चचेरी बहन का तिलक लेकर गुरुवार की रात जा रहे चचेरे भाई की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उसका फूफा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बिटिया की शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। शुक्रवार को फिलहाल दोनों परिवारों ने शादी टाल दी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

कोतवाली धौरहरा के गांव कफारा निवासी राममूर्ति कश्यप ने अपनी पुत्री की शादी ईसानगर क्षेत्र के गांव बालू पुरवा निवासी सहज राम कश्यप के पुत्र मंजय कुमार के साथ तय की थी। चार मई को तिलक व पांच मई को शादी होनी थी, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।

गुरुवार की रात कफारा निवासी युवती का चचेरा भाई मुकेश पुत्र सधारी (17) अपने फूफा प्रदीप (40) के साथ बाइक पर सवार होकर तिलक समारोह में शामिल होने बालू पुरवा गांव जा रहा था।  तभी इमलिया चौराहे के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे खंभे से टकरा गई। हादसे में पीछे बैठे मुकेश का सिर खंभे से लड़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने हादसे की जानकारी परिवार वालों को दी। इससे परिवार में चीख पुकार मच गई। तिलक समारोह की खुशियां भी पल भर में काफूर हो गई। परिजन और रिश्तेदार घटना स्थल की दौड़ पड़े। मौके पर पहुंचे परिजन शव देख कर दहाड़े मारकर बिलख पड़े। पुलिस ने घायल प्रदीप और मुकेश को एंबुलेंस से सीएचसी भेजा, जहां डॉक्टर ने मुकेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने प्रदीप को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सीएचसी प्रभारी डॉ. प्रकाश चन्द्रा ने बताया कि दुर्घटना में घायल मुकेश को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। दूसरे घायल की हालत काफी खराब थी। उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक धौरहरा विवेक उपाध्याय ने बताया कि पंचायतनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। हादसे की वजह क्या रही। इसकी जांच की जा रही है। अग्रिम कार्रवाई ईसानगर पुलिस करेगी।

चचेरे भाई की मौत के बाद शादी का माहौल मातम में बदला
तिलक लेकर जा रहे मुकेश कश्यप की सड़क हादसे में अचानक हुई मौत के बाद शुक्रवार को होने वाली शादी की खुशियां मातम में हदल गईं। कन्या और दूल्हे पक्ष के लोगों ने फिलहाल शादी के सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। शादी में शामिल होने आये अधिकतर मेहमान दुख की घड़ी में शामिल होने के लिए मुकेश कश्यप के घर कफारा पहुंचे।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: मतदान केंद्रों में मोबाइल कैमरा बैन तो कैसे खींचे जा रहे बैलेट पेपर के फोटो?

संबंधित समाचार