बरेली: अलीगढ़-बरेली पैसेंजर अपराध प्रभावित टॉप टेन ट्रेनों में शामिल
जीआरपी अनुभाग द्वारा जारी की गई हॉट स्पाट ट्रेनों की सूची
DEMO IMAGE
बरेली, अमृत विचार। जीआरपी अनुभाग मुरादाबाद ने टॉप टेन हॉट स्पॉट ट्रेनों की सूची जारी की है। इस सूची में अलीगढ़-बरेली पैसेंजर भी शामिल है। ट्रेनों में होने वाले अपराधों के आधार पर इस ट्रेन को सूची में शामिल किया गया। अप्रैल में इस ट्रेन के अंदर केवल एक घटना हुई है लेकिन मार्च मेंएक के बाद एक कई घटनाओं के चलते इस ट्रेन पर खास नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। जीआरपी अधिकारियों के सख्त निर्देश हैं कि इन ट्रेनों को किसी भी कीमत पर बिना स्टाफ के नहीं चलने दिया जाना चाहिये।
जीआरपी मुरादाबाद अनुभाग ने जिन 10 ट्रेनों को अपराध प्रभावित ट्रेनों के रूप में चिन्हित किया गया है, उन ट्रेनों के अंदर अप्रैल में 17 घटनाएं हुई हैं। चिंता की बात यह है कि सबसे ज्यादा तीन घटनाएं बरेली जंक्शन जीआरपी द्वारा स्कॉर्टेड 14205 अयोध्या कैंट एक्सप्रेस में हुईं।
जिसमें गाजियाबाद, बरेली जंक्शन, मुरादाबाद में चोरी की अलग-अलग घटनाएं हुईं। जिन ट्रेनों को टॉप टेन हॉट स्पॉट ट्रेनों की सूची में शामिल किया गया है उनमें 14205 अयोध्या कैंट एक्सप्रेस, 13307 गंगा सतलुज एक्सप्रेस, 13005 पंजाब मेल एक्सप्रेस, 13009 दून एक्सप्रेस, 15120 बनारस जनता एक्सप्रेस, 12231 लखनऊ चंडीगढ़ एक्सप्रेस, 14206 अयोध्या कैंट एक्सप्रेस, 04377 अलीगढ़ बरेली पैसेंजर, 14113 लिंक एक्सप्रेस, 15013 रानीखेत एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं।
जीआरपी प्रभारी निरीक्षक बरेली जंक्शन अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि जिन ट्रेनों को अपराध प्रभावित के रूप में चिन्हित किया गया है, उनमें बरेली से स्कॉर्टेड जो ट्रेनें हैं उनमें निगरानी बढ़ा दी गई है। बिना स्टॉफ के यह ट्रेनें नहीं चल रही हैं।
बरेली जंक्शन जीआरपी क्षेत्र में हुई घटनाएं
ट्रेन संख्या 14205 में अयोध्या कैंट से दिल्ली के लिए सफर कर रही दिल्ली निवासी उमा कुमारी का पर्स बरेली जंक्शन के पास चोरी हो गया था। वहीं ट्रेन संख्या 13009 दून एक्सप्रेस में गोसाईगंज से हरिद्वार के लिए सफर कर रहे आकर्ष पाण्डेय निवासी हरिद्वार का नगरिया सादात के पास फोन चोरी हो गया था। इसके अलावा ट्रेन संख्या 04377 अलीगढ़ बरेली पैसेंजर में बबराला से बरेली के लिए सफर कर रहे संभल के गुन्नौर थाना क्षेत्र निवासी प्रदीप कुमार की पत्नी का बिशारत गंज स्टेशन पर ट्रेन रुकने के दौरान पर्स छीन लिया गया था।
यह भी पढ़ें- बरेली: पोस्टर देख चकराया वोटरों का दिमाग, वार्ड के लिए कमल... शहर के लिए तोमर
