रामपुर : दूल्हे ने दहेज में बुलेट मांगी तो दुल्हन ने शादी से कर दिया इनकार, बैरंग लौटी बारात 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बारात चढ़ने के बाद जयमाला के दौरान शराब के नशे में थे बाराती और दूल्हा, दुल्हन ने रूठकर गले में नहीं डाली जयमाला

हंगामा करने पर ग्रामीणों ने बारातियों को बंधक बनाया, घंटों रहा हंगामा, पूरे दिन पटवाई थाने में चली पंचायत, शादी निरस्त होने पर समझौता

रामपुर/पटवाई/अमृत विचार। बरेली जिले के थाना मीरगंज के गांव कांधरपुर से पटवाई थाने के गांव गौरा हसनपुर में आई बारात में जयमाला के दौरान हंगामा हो गया। बाराती और दूल्हा के शराब के नशे में होने पर दुल्हन ने वरमाला डालने से इंकार कर दिया था। हंगामा किया तो बारातियों को वरपक्ष ने बंधक बना लिया। बाद में दूल्हा पक्ष दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल दहेज में मांगने पर अड़ गया। कई घंटे विवाद चला। मामला पटवाई थाने तक पहुंच गया, लेकिन शादी रद्द होने पर ही समझौता हुआ। तब बारात मीरगंज को बैरंग लौटी।  

पटवाई थाना क्षेत्र के गांव गौरा हसनपुर निवासी एक ग्रामीण ने अपनी बेटी की शादी बरेली जिले के थाना मीरगंज के गांव कांधरपुर निवासी राकेश कुमार वर्मा से एक साल पहले तय की थी। गुरुवार को बारात युवती के दरवाजे पर पहुंच गई थी। धूमधाम से बारात चढ़ी, दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हा पक्ष का स्वागत भी किया। दुल्हन पक्ष के लोगों का आरोप है कि जयमाला के दौरान दूल्हे ने दहेज में बुलट और नकद पैसे मांग रहे थे। इसी बीच दूल्हा के वरमाला डालने जैसे ही दुल्हन पहुंची उसके मुंह से शराब की बदबू आते ही उसने वरमाला डालने से इनकार कर दिया। इस बीच शराब के नशे में अन्य बाराती भी कमेंट कसने लगे। बस इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।

ग्रामीणों ने किसी तरह से मामले को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन मामला नहीं बन सका। हंगामा कर रहे बारातियों को वरपक्ष ने बंधक बना लिया। इसके बाद भांवरों की चल रही तैयारी भी रोक दी गई। जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। उसके बाद दोनों पक्षों के बारे में जानकारी ली। दोनों पक्ष थाने आ गए। दुल्हन ने दूल्हे के शराब पीने और बुलट मांगने पर शादी करने से इंकार कर दिया। शुक्रवार दोपहर दोनों पक्षों में सामान वापस करने का तय हो गया है। बारात भी बिना शादी हुए बैरंग लौट गई। 

पूरी रात रहा गांव में अफरा-तफरी का माहौल
जयमाला के दौरान दूल्हन और दूल्हा पक्ष के लोगों में दहेज को लेकर हुए विवाद में पूरी रात गांव में तरह-तरह की चर्चाए होती रही। हालांकि शुक्रवार शाम को मामला शांत हो गया। गौरा हसनपुर निवासी एक युवती की बरात आई थी, लेकिन दहेज को लेकर हुए विवाद में दुल्हन विदा होकर सुसराल नही गई। उसने शादी से इंकार कर दिया। पूरी गांव में तरह-तरह की चर्चाए होती रही। 

जयमाला के दौरान शगुन के तौर मिलने वाले पैसे युवक अपने जीजा को पैसे रखने के लिए दे रहा था। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया था। दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। एक दूसरे का सामान वापस हो जाएगा। -हरेंद्र यादव,पटवाई एसओ

ये भी पढ़ें : बिहार के दंपति से मुरादाबाद में लखनऊ एसटीएफ ने बरामद की 30 लाख रुपये की चरस 

संबंधित समाचार