मुरादाबाद : सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में हैं ईवीएम, स्ट्रांग रूम से चक्रवार बाहर लाई जाएंगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नगर निगम के महापौर और 68 वार्ड पार्षद प्रत्याशियों के लिए मतदाताओं ने लॉक की है ईवीएम में किस्मत

त्रिस्तरीय घेरे में है ईवीएम की सुरक्षा, पैरामिलिट्री, पुलिसकर्मी सुरक्षा में तैनात

मुरादाबाद, अमृत विचार। निकाय चुनाव में मतदान के बाद नगर निगम के महापौर और 68 वार्ड पार्षदों के लिए डाले गए वोटों से लॉक ईवीएम मंडी समिति मझोला में बने स्ट्रांग रूम में सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में रखी गईं हैं। इनकी सुरक्षा त्रिस्तरीय है। राज्य निर्वाचन आयोग के प्रेक्षकों के अलावा जिला निर्वाचन अधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक समेत अन्य इनकी सघन मॉनीटरिंग कर सुरक्षा इंतजाम देख रहे हैं।

नगर निगम क्षेत्र के 578 बूथों पर मतदान के बाद गुरुवार शाम को ही मंडी समिति स्थित स्ट्रांग रूम में ईवीएम की गिनती कर घेरे में उन्हें रख दिया गया। स्ट्र्रांग रूम की सीसीटीवी कैमरे से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। अधिकारियों और सुरक्षा बलों के जिम्मेदारों के अलावा इस स्ट्रांग रूम में किसी को प्रवेश की अनुमति नहीं है। स्ट्रांग रूम के बाहर अत्याधुनिक असलहे से लैस सशस्त्र बल पहरा दे रहे हैं। यहां आने की अनुमति सामान्य रूप से नहीं है। केवल इसके लिए निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकृत अधिकारी, पुलिस और सुरक्षा बल के अधिकारी ही सुरक्षा इंतजाम देखने आ रहे हैं।

स्ट्रांग रूम परिसर की निगरानी प्रवेश द्वार से ही की जा रही है। जिला निर्वाचन अधिकारी सुरक्षा और अन्य व्यवस्था की पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। स्ट्रांग रूम से चक्रवार गिनती के समय ही 13 मई को ईवीएम और पाकबड़ा और अगवानपुर नगर निकाय की मतपेटिकाएं बाहर लाई जाएंगी। नगर पालिका ठाकुरद्वारा और बिलारी के अलावा अन्य नगर पंचायतों के अध्यक्ष और वार्ड सदस्यों के मतों की गिनती निकाय वार मुख्यालय पर तय जगह पर होगी। मतगणना के लिए अधिकारियों और कार्मिकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके बाद ही वह चक्रवार गिनती के लिए ड्यूटी पर आएंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि ईवीएम को मंडी समिति के स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा में रखा गया है। सीसीटीवी कैमरे से निगरानी है। आयोग के निर्देश के अनुसार, पारदर्शिता के साथ 13 मई को मतों की गिनती कराई जाएगी।

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद : मतगणना से पहले परिणाम का आकलन करने में जुटे प्रत्याशी, बूथवार मिले वोट का लगा रहे हिसाब

 

संबंधित समाचार