Kanpur News: नौबस्ता गल्ला मंडी से रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां, नदारद रहने वाले रिटर्निंग अधिकारियों को नोटिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर कमिश्नर डा. राज शेखर और डीएम विशाख जी ने नौबस्ता गल्ला मंडी स्थल का निरीक्षण किया।

कानपुर कमिश्नर डा. राज शेखर और डीएम विशाख जी ने नौबस्ता गल्ला मंडी स्थल का निरीक्षण किया। नौबस्ता गल्ला मंडी से पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। इसके साथ ही नदारद रहने वाले रिटर्निंग अधिकारियों को नोटिस। 22 स्ट्रांग रूम में ईवीएम रखी जाएंगी।

कानपुर, अमुत विचार। निकाय चुनाव को लेकर शहर में मतदान कराने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी को लेकर शुक्रवार को मंडलायुक्त डॉ. राज शेखर और डीएम विशाख जी अय्यर ने नौबस्ता गल्ला मंडी स्थल का निरीक्षण किया। यहां स्ट्रांग रूम के रिटर्निंग और सहाय रिटर्निंग अफसर मौके पर मौजूद नहीं मिले, इस पर डीएम ने सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। बता दें कि नौबस्ता में ईवीएम में प्रत्याशियों को सेट करने का कार्य किया जा रहा है। 

निरीक्षण के दौरान डीएम ने बताया कि कानपुर जिले में 11 मई का मतदान होना है। 10 मई को पोलिंग पार्टियों की रवानगी गल्ला मंडी से की जाएगी। सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक लोग मतदान कर सकेंगे। इसके अलावा 13 मई को मतों की गिनती सुबह 8 बजे खत्म होने तक चलेगी।

कमिश्नर ने बताया कि गल्ला मंडी में मतदान के बाद 22 स्ट्रांग रूम में ईवीएम और वीवीपैट रखी जाएंगी। बिठूर के लिए भी एक स्ट्रांग रूम बनाया गया है। जिसकी मतगणना हेतु दुग्ध मण्डी नीलामी चबूतरे को चिन्हित किया गया है। निर्वाचन के सभी कार्यों की सीसीटीवी के माध्यम से रिकॉर्डिंग की जा रही है।

डीएम ने निर्देश दिए कि प्रत्येक मतगणना स्थल में एक मास्टर कन्ट्रोल रूम स्थापित किया जाए, जिसमें इंटरनेट कनेक्शन के साथ कम्प्यूटर, प्रिंटर, फोटोकॉपी मशीन लगाई जाए। नवीन गल्ला मंडी परिसर के प्रवेश द्वार से ही सभी जगहों पर बड़े-बड़े फ्लेक्स लगाए जाएं, जिसमें यह स्पस्ट रूप से लिखा हो कि पार्किंग, पार्टी रवानगी हेतु किस वार्ड की साईनेज बसें कहां से मिलेंगी। डीएम ने मतदान केन्द्रों पर सभी मूलभूत सुविधाओं जैसे शौचालय, पीने का पानी, रैम्प, फर्नीचर, विद्युत व्यवस्था आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।

कर्मचारियों को नोटिस जारी

मतदान कर्मियों को राजकीय पॉलिटेक्निक में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शुक्रवार तक 11 हजार पांच कर्मचारियों में से 488 कर्मचारी प्रशिक्षण लेने के लिए नहीं पहुंचे हैं। सीडीओ के मुताबिक सभी अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

संबंधित समाचार