मुरादाबाद : गोलियों की तड़तड़ाहट से देर रात दहला रामगंगा विहार, दो नशा मुक्ति केंद्र संचालकों के बीच फायरिंग

Amrit Vichar Network
Published By Priya
On

गोली से घायल युवक का कांठ रोड पर निजी अस्पताल में चल रहा उपचार

रामगंगा विहार में घटना स्थल का निरीक्षण करते सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर व प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइंस गजेंद्र सिंह।

मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइन थाना क्षेत्र का रामगंगा विहार फेज- दो शुक्रवार देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल गया। नशा मुक्ति केंद्र के दो संचालकों के बीच फायरिंग हो गई। गोलीबारी में एक युवक घायल हो गया। उसका कांठ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। दोनों पक्षों की तहरीर पर हत्या के प्रयास के आरोप में क्रास केस दर्ज करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

रामगंगा विहार फेज दो में दो नशा मुक्ति केंद्र आसपास हैं। प्रेरणा नशा मुक्ति केंद्र के संचालक छवि सिंह पुत्र ओमवीर सिंह हैं, जबकि जीवन उदय नशा मुक्ति केंद्र का संचालन कमलजीत सिंह पुत्र रामवीर सिंह करते हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों केंद्रों के संचालक आपस में रिश्तेदार भी हैं। उनके बीच वर्षों से व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा भी है। यही वजह है कि नशा मुक्ति केंद्र के दोनों संचालकों के परस्पर संबंध आपस में ठीक नहीं हैं। छानबीन में पुलिस को पता चला कि कमलजीत सिंह का पालतू कुत्ता शुक्रवार देर शाम छवि सिंह के नशा मुक्ति केंद्र में आ घुसा।

 इसे लेकर देर शाम से ही दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। रात करीब एक बजे दोनों पक्ष लाइसेंसी असलहे लेकर अचानक आमने-सामने हो गए। गाली गलौज व जान से मारने की धमकी देते हुए दोनों पक्षों ने एक दूसरे को निशाना बनाकर फायर झोंकना शुरू कर दिया। देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से पड़ोसियों की नींद टूट गई। 

उन्होंने नशा मुक्ति केंद्र के दो संचालकों के बीच सड़क पर खुली जंग होने की सूचना पुलिस को दी। सिविल लाइंस सीओ अर्पित कपूर व प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइंस गजेंद्र सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पूछताछ में पता चला कि कमलजीत सिंह के दाहिने हाथ में गोली लगी है। खून से लथपथ नशा मुक्ति केंद्र संचालक को पुलिस ने तत्काल कांठ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के मुताबिक कमलजीत सिंह की हालत खतरे से बाहर है।

दस नामजद समेत 13 के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस
मुरादाबाद, अमृत विचार : प्रभारी निरीक्षक सिविल गजेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से मिली तहरीर के आधार पर 10 नामजद समेत कुल 13 लोगों के खिलाफ पुलिस ने हत्या के प्रयास व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया है। मौके से पुलिस ने छवि चौधरी व पुनीत के अलावा दूसरे पक्ष से तस्वीर उर्फ मोनू लाठर व विजय प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया। दोनों पक्षों के कब्जे से 315 बोर के दो लाइसेंसी असलहे व दो कारतूस व खोखा के अलावा 12 बोर की गन व कारतूस बरामद हुआ। शनिवार को चारों आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। वहां से चारों आरोपी जेल भेज दिए गए।

दो पक्षों में गोलीबारी की सूचना मिलने के तत्काल बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। गोली लगने से एक युवक घायल हुआ है। उसका उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर है। दोनों पक्षों से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने दोनों ही पक्षों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की है। दोनों पक्षों के शस्त्र लाइसेंस भी निरस्त कराया जाएगा। -अर्पित कपूर, सीओ सिविल लाइंस मुरादाबाद।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : नेपाल से लेकर दिल्ली एनसीआर तक फैला नफीस का नकली नोटों का काला कारोबार

संबंधित समाचार