आज बरेली कॉलेज में जनसभा करेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
कॉलेज के फुटबाल मैदान पर पूरे दिन चलती रहीं तैयारियां
बरेली, अमृत विचार। भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को बरेली कॉलेज के फुटबॉल मैदान में जनसभा करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे दिन तैयारियां चलती रहीं। डॉग स्क्वॉयड की टीम ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा कारणों की जांच की।
जिले में 11 मई को दूसरे चरण के मतदान के लिए नेताओं के आने का सिलसिला जारी है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चुनावी माहौल बनाकर जा चुके हैं। अब भाजपा के स्टार प्रचारक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चुनाव से चार दिन पहले 7 मई को बरेली कॉलेज के फुटबॉल मैदान में जनसभा करेंगे।
शनिवार को सुबह से ही तैयारियां शुरू हो गई थीं। मंच और पांडाल बनाया गया। दोपहर में डॉग स्क्वॉयड की टीम ने जनसभा स्थल पर पहुंचकर जांच की। देर शाम तक तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया। पुलिस और प्रशासनिक अफसरों की ओर से सुरक्षा के लिहाज से सभा स्थल पर पहुंचकर चल रही तैयारियों को देखा।
सीएम रविवार को हेलीकॉप्टर से 3:45 बजे पुलिस लाइंस स्थित हेलीपैड पर पहुंचेगे। 3 :50 पर बरेली कॉलेज स्थित जनसभा स्थल पर उनका आगमन होगा। 3:50 से शाम 4 :35 तक सीएम जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह शाम 5 बजे विशेष वायुयान से लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।
यह भी पढ़ें- Bareilly: घरेलू विवाद के चलते बुजुर्ग ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
