अमरोहा : चार बच्चों की मौत के मामले में भट्ठा संचालक समेत तीन गिरफ्तार
गजरौला/ अमरोहा, अमृत विचार। ईंट भट्ठा परिसर में पानी भरे गड्ढे़ में डूबकर चार बच्चों की मौत के मामले में गैर इरादत हत्या के मामले में नामजद भट्ठा संचालक समेत तीनों आरोपियों का पुलिस ने चालान किया।
थाना क्षेत्र के गांव नौनेर में नेशनल ब्रिक्स ईंट भट्ठा पर पानी के गड्ढे़ में डूबकर यहां काम करने वाले बिहार के मजदूर झगड़ू की पांच वर्षीय पुत्री नेहा, रामजी का तीन वर्षीय पुत्र सौरव, अजय का तीन वर्षीय पुत्र अजीत व नारायण की सात वर्षीय पुत्राी सोनाली की मौत हो गई थी। भट्ठा संचालक ने चारों बच्चों के शवों को दारानगर गांव में कीकर वन में गंगा किनारे दफन करा दिया था, हालांकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चारों बच्चों के शवों को गड्ढे़ से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।
पुलिस ने इस मामले में मजदूर रामजी की तहरीर पर ईंट भट्ठा संचालक रजब अली, मजदूरों को यहां पर लाने वाले ठेकेदार रवि मांझी व ट्रैक्टर में बच्चों के शव रखकर दफन कराने के लिए ले जाने वाले चालक नेपाल के विरूद्ध केस दर्ज किया था। शनिवार को पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और चालान किया। प्रभारी निरीक्षक अरिहंत कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि तीनों आरोपियों का चालान किया गया है। शनिवार दोपहर को चारों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया गया।
ये भी पढ़ें:- भारत बौद्ध धर्म के जरिये 'लोगों से लोगों के' संपर्क को मजबूत करने का इच्छुक : तरणजीत सिंह संधू
