मैं पीलीभीत की बेटी...आप सब मेरा परिवार, चहुंओर कराऊंगी विकास: आस्था अग्रवाल
आस्था की मजबूती ने विपक्षियों को भी किया बेचैन, भ्रष्टाचार और विकास को मुद्दा बनाकर जमकर कर रही चुनावी वार
पीलीभीत, अमृत विचार: भारतीय जनता पार्टी की पीलीभीत नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद की प्रत्याशी आस्था अग्रवाल का तूफानी दौरा न सिर्फ शहर में उनकी पकड़ को मजबूत करता दिखाई दे रहा है। वहीं, जीत के बाद भ्रष्टाचार का खात्मा कर पीलीभीत को आदर्श नगर पालिका बनाने का वादा कर दिया है।
ये भी पढ़ें - नगर निकाय चुनाव: पीलीभीत में 198 कार्मिकों ने पोस्टल बैलेट से किया मतदान
डोर टू डोर संपर्क और नुक्कड़ सभाओं में बीते सालों में समस्याओं के समाधान में हुई अनदेखी को मुद्दा बनाकर आस्था अपने पक्ष में माहौल तैयार कर रही हैं। इसका असर भी चुनाव के नजदीक आते ही गली मोहल्लों में दिखाई देने लगा है। कई संगठन भी आस्था को अपना समर्थन दे चुके हैं। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि इस बार के नगर पालिका के चुनाव में उनकी मजबूत स्थिति विपक्षियों को बेचैन कर गई है।
नगर पालिका पीलीभीत सीट पर डा. आस्था अग्रवाल भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं। कुल 11 प्रत्याशी मैदान में हैं। वह लंबे समय से समाज सेवा के जरिए पीलीभीत की जनता से जुड़ी हुई है। उनके द्वारा वार्डवार निशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी लगाए गए थे, जिनसे बड़ी संख्या में लोग लाभांवित हुए और जुड़ गए। संगठन के तमाम वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि उनके समर्थन में प्रचार प्रसार कर ही रहे हैं।
उनका शहर के विकास को लेकर अपना अलग एजेंडा हैं। उनका कहना है कि वह 40 साल से देख रही है कि जो सड़क टूटी थी वह आज भी जर्जर है। नालियां चोक पड़ी हुई हैं। जिसकी हकीकत दो दिन की बारिश ने सबके सामने ला दी थी। सड़कों पर कीचड़ ही कीचड़ आ गई। इसके पीछे सिर्फ एक ही वजह है जोकि नगर पालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार।
आज घर-घर नगर पालिका का पानी तक नहीं पहुंचता। उनका कहना है कि वह पीलीभीत की बेटी है और यहां के लोग उनका परिवार। एक बार पीलीभीत की बेटी को चुनाव जिताकर कमल खिलाइए...। बीते सालों में अगर शहर की समस्याओं को गंभीरता से लेकर काम किए गए होते तो शहर विकास में पिछड़ता नहीं।
अपने परिवार को कभी निराश नहीं होने दूंगी। चुनाव जीतने के बाद पीलीभीत शहर की तस्वीर को बदलने के लिए पूरा प्लान बना हुआ है। 2023 के चुनाव में ट्रिपल इंजन की सरकार बनाइए। सभासद भी भाजपा का ही जिताएंगे तो चौथा इंजन भी जुड़ जाएगा और फिर शहर को आदर्श बनाने का काम उनकी जिम्मेदारी है।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने भी सभा कर मांगे वोट: केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा शनिवार को पीलीभीत पहुंचे। नगर पालिका परिषद प्रत्याशी डा. आस्था अग्रवाल के समर्थन में एक बरात घर में सभा की। बोले- उन्होंने कभी कोई चुनाव नहीं लड़ा। सदैव संगठन का कार्य करते रहे। मगर, मुझे राज्यसभा सांसद बनाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मंत्रिमंडल में स्थान देकर सम्मान दिया।
प्रत्याशी डा. आस्था अग्रवाल ने कहा कि आपका एक वोट देश और प्रदेश में भाजपा को लाकर तस्वीर बदल चुका है। अबकी बार निकाय चुनाव में शहर की सरकार में भी भाजपा के जिताएं। उसके बाद अभी तक चली आ रही बदहाल तस्वीर वह एक परिवार की बिटिया बनकर बदलेंगी। सबको साथ लेकर ट्रिपल इंजन की सरकार तेजी से विकास करेगी।
ये भी पढ़ें - कमल खिलाओ जोरों से पीलीभीत बचाओ चोरों से- राज्यमंत्री
