बरेली: हाईकोर्ट में नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी, रिपोर्ट दर्ज
पीड़ित ने वकील और सेवानिवृत्त मुख्य आरक्षी पर लगाया आरोप
बरेली, अमृत विचार। हाईकोर्ट में नौकरी लगवाने के नाम पर वकील और सेवानिवृत्त मुख्य आरक्षी ने एक व्यक्ति से लाखों रुपये ठग गए। एसएसपी के निर्देश पर सुभाषनगर पुलिस ने मामले में आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बारादरी थाना क्षेत्र के मोहल्ला लक्ष्मीनगर निवासी जंगबहादुर सिंह ने बताया कि बड़ा बेटा एमबीबीएस कर रहा है, जबकि छोटा बेटा बेरोजगार है। बदायूं रोड गंगानगर निवासी सेवानिवृत्त मुख्य आरक्षी रामेश्वर दयाल से उनकी जान पहचान है। रामेश्वर दयाल ने कहा बभिया थाना कैंट निवासी अधिवक्ता हरिओम पाराशरी से उनकी जान पहचान है। हरिओम पाराशरी की हाईकोर्ट में अच्छी पकड़ है। रामेश्वर दयाल ने भरोसा जताने के लिए कहा कि वकील ने चार उनके बेटों और दो अपने बेटों की नौकरी लगवा दी है।
रामेश्वर दयाल और हरिओम ने अपने बेटों को बुलाकर बात भी कराई। मोबाइल पर चयनित अभ्यार्थियों की सूची भी दिखाई, जिसमें दोनों के बेटों के नाम थे। जंगबहादुर ने बताया कि हरिओम और रामेश्वर दयाल की बातों पर भरोसा कर छह लाख रुपये दे दिए। बाद में पता चला कि जो सूची दिखाई गई वह फर्जी थी।
जंगबहादुर सिंह ने बताया कि उन्होंने रामेश्वर दयाल और हरिओम से रुपये वापस मांगे तो टालमटोल करने लगे। इसके बाद मोबाइल बंद कर लिए। पीड़ित ने एसएसपी प्रभाकर चौधरी को शिकायती पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। शिकायत पर सुभाषनगर पुलिस ने रामेश्वर दयाल, उनके बेटे प्रदुम्न, रमन, रतन और सुमित के अलावा वकील हरिओम, उनके बेटे राहुल और देश दीपक पाराशरी के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
यह भी पढ़ें- बरेली: माफिया अशरफ से मुलाकात कराने के आरोपी आरक्षी शिवहरि की जमानत अर्जी निरस्त
