Lucknow: सड़क पर Thar सवार रईसजादों की गुंडागर्दी, गाड़ी ओवरटेक कर युवक को पीटा, मोबाइल भी तोड़ा
लखनऊ। गोमतीनगर विस्तार थानाक्षेत्र अन्तर्गत जनेश्वर मिश्र पार्क के समीप थार सवार रईसजादों की गुंडागर्दी सामने आई है। रईसजादों ने गाड़ी ओवरटेक कर स्कॉर्पियो चालक की लात-घूसों से जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद रईसजादों ने युवक का सड़क पर मोबाइल फेंक तोड़ दिया। विरोध करने पर आरोपी युवक को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। इसके बाद पीड़ित ने गोमतीनगर विस्तार थाने में लिखित शिकायत देते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।
सुशांतगोल्फ सिटी थानाक्षेत्र अन्तर्गत अहमामऊ अर्जुनगंज निवासी हरिविजय सिंह शुक्रवार रात अपनी स्कॉर्पियो से घर लौट रहे थे। साइड मांगने पर थार सवार कुछ दबंगों से उनकी नोंकझोंक हुई थी। इसके बाद दबंग उनकी कार का पीछा करने लगे। जब वह जनेश्वर मिश्र पार्क गेट नंबर -पांच पर पहुंचे तो दबंगों ने गाड़ी ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया।
इसके बाद आरोपियों ने बीच सड़क पर पीड़ित की लात-घूसों से पिटाई कर उनका मोबाइल सड़क पर फेंक तोड़ दिया। विरोध करने पर आरोपी पीड़ित को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। इसके बाद पीड़ित ने रईसजादों के खिलाफ गोमतीनगर विस्तार थाने में लिखित शिकायत देते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि नंबर प्लेट के आधार पर पुलिस रईसजादों का पता ट्रेस कर रही है। जल्द ही उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:-शाबास! बहराइच में कोचिंग से वापस जा रहे छात्र ने घायल दंपती की बचाई जान, Video बनाते रहे राहगीर
