रायबरेली: निमंत्रण से वापस जा रहे बाइक सवारों को कार ने मारी टक्कर, दो युवकों की मौत
लालगंज /रायबरेली, अमृत विचार। शनिवार की देर रात निमंत्रण से वापस अपने घर जा रहे बाइक सवार दो युवकों को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। जिससे एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया है ।पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है ।घटना से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
यह हादसा लालगंज सरेनी मार्ग पर शनिवार की रात करीब एक बजे हुआ है। सरेनी थाना क्षेत्र के गांव राम खेड़ा निवासी नीरज तिवारी (40 वर्ष) पुत्र रामचंद्र तिवारी और नीलेश अवस्थी (32 वर्ष) पुत्र संजय अवस्थी शनिवार की शाम को बाइक से लालगंज थाना क्षेत्र एक एक गांव में निमंत्रण खाने आए थे। निमंत्रण के बाद रात करीब एक बजे दोनों युवक बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। लालगंज सरेनी मार्ग पर रास्ते में मालपुरा गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप पर युवकों ने अपने बाइक में पेट्रोल डलवाया। बताते हैं कि पेट्रोल डलवाने के बाद दोनों बाइक सवार जैसे ही सड़क पर आए ,सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उन को टक्कर मार दी। जिसके कारण दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए। रात होने के कारण सड़क पर सन्नाटा था। इसलिए घायलों को तत्काल इमदाद नहीं मिल पाई।
हादसे के काफी देर बाद बाद आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे, तो नीलेश कुमार की मौत हो चुकी थी। जबकि गंभीर रूप से घायल नीरज तिवारी को लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान नीरज की भी मौत हो गई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
ये भी पढ़ें - अयोध्या: शहर के एक शख्स का पंचायत भवन के पीछे मिला शव
