अयोध्या: शहर के एक शख्स का पंचायत भवन के पीछे मिला शव
पूराबाजार/ अयोध्या, अमृत विचार। पूराकलंदर थाना क्षेत्र के अलावलपुर के पंचायत भवन के पीछे शनिवार शाम को मिले शव की शिनाख्त रविवार को सुबह हुई। मृतक की पहचान कोतवाली नगर के कसाबबाड़ा मोहल्ले के शमशाद कुरैशी के रूप में हुई है। शहर से करीब 14 किलोमीटर दूर शव का पाया जाना रहस्य बना हुआ है। हालांकि पुलिस हर पहलू की जांच में जुटी हुई है।
बता दें कि पूराकलंदर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत अलावलपुर के पंचायत भवन के करीब 200 मीटर दक्षिण गन्ने के खेत में शनिवार शाम करीब 4:00 बजे ग्रामीणों ने एक शव देखा। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन नहीं हो सकी। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक गांव का रहने वाला नहीं था। इसके बाद पुलिस जांच में जुट गई। रविवार सुबह शव की शिनाख्त नगर कोतवाली के कसाबबाड़ा निवासी शमशाद कुरैशी के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष पूराकलंदर रतन शर्मा ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। उन्होंने बताया कि परिवारजनों के अनुसार मृतक मानसिक रूप से बीमार था। पुलिस इस बात की जानकारी जुटा रही है कि शमशाद कुरैशी 14 किलोमीटर दूर गांव में कैसे पहुँचा?
ये भी पढ़ें - यूपी के कई शहरों में ATS की Raid, लखनऊ से हिरासत में लिए गए दो युवक
