चार राष्ट्रीय महिला संगठनों ने पहलवानों के समर्थन में देशव्यापी विरोध-प्रदर्शन का आह्वान किया
नई दिल्ली। चार राष्ट्रीय महिला संगठनों ने पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह और हरियाणा के मंत्री संदीप सिंह की तत्काल गिरफ्तारी के लिए राष्ट्रव्यापी विरोध-प्रदर्शन करने का संयुक्त आह्वान किया है।
अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति (एआईडीडब्ल्यूए), भारतीय राष्ट्रीय महिला फेडरेशन (एनएफआईडब्ल्यू), अखिल भारतीय महिला सांस्कृतिक संगठन (एआईएमएसएस) और अखिल भारतीय अग्रगामी महिला संगठन (एआईएमएस) ने एक बयान जारी कर प्रदर्शनकारी पहलवानों के साथ एकजुटता व्यक्त की।
बयान में कहा गया, देश के विभिन्न हिस्सों में सैकड़ों विरोध-प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। भाजपा के महिला विरोधी चेहरे को उजागर करने के लिए महिलाएं गांवों, बस्तियों और मोहल्लों में बैठकें करेंगी। लाखों हस्ताक्षर एकत्र किए जाएंगे, जिन्हें जिलाधिकारियों के माध्यम से प्रधानमंत्री को भेजा जाएगा।
बजरंग पूनिया, विनेश फोगाट, साक्षी मलिक सहित शीर्ष पहलवान 23 अप्रैल से दिल्ली के जंतर-मंतर पर भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं और एक नाबालिग सहित सात पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न के आरोप में उनकी गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। दिल्ली पुलिस ने 28 अप्रैल को एक नाबालिग सहित सात महिला पहलवानों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायतों के आधार पर सिंह के खिलाफ दो प्राथमिकियां दर्ज की थीं।
ये भीप ढ़ें : रिश्तों में सुधार के लिए दक्षिण कोरिया और जापान के नेताओं ने की मुलाकात, किम जोंग की बढ़ी टेंशन
