Hamirpur: मां ने बेटे को कोतवाली में कराया बंद, युवक ने खाया जहरीला पदार्थ, पुलिस के फूले हाथ-पांव, फिर हुआ ये
हमीरपुर में कोतवाली के अंदर युवक ने खाया जहरीला पदार्थ।
हमीरपुर में कोतवाली के अंदर युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया। पुलिसकर्मी हालत बिगड़ने पर इलाज के लिए ले गए। अक्सर मां से विवाद करने पर मां ने बेटे को कोतवाली में बंद करा दिया था।
हमीरपुर, अमृत विचार। घर में आए दिन विवाद करने से परेशान मां ने बेटे को कोतवाली में बंद करा दिया। बताया जाता है कि युवक ने कोतवाली परिसर में जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत खराब होने पर पुलिस कर्मी उसे लेकर सीएचसी पहुंचे। जहां युवक को भर्ती कराया है।
कस्बे के सिकंदरपुरा मोहल्ला निवासी रूपसिंह (30) पुत्र बहादुर का अपनी मां भाना के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। इसके बाद मां भाना ने यूपी 112 पुलिस को बुलाकर अपने पुत्र रूपसिंह को पकड़वाकर कोतवाली के अंदर करा दिया। बताया जाता है कि इसी दौरान युवक ने कुछ खा लिया। युवक की हालत बिगड़ती देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने आनन-फानन में इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया।
युवक ने बताया कि वह अपनी मां से परेशान है। उसकी मां आए दिन विवाद कर उसे कोतवाली में बंद करा देती है। कोतवाली के इंस्पेक्टर भरत कुमार ने बताया कि मां की सूचना पर जब पुलिस युवक के घर पहुंची उसके पहले ही युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। कोतवाली पहुंचने पर युवक की हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया। कोतवाली में युवक ने जहरीला पदार्थ नहीं खाया।
