कानपुर में हृदयविदारक घटना, झोपड़ी में लगी आग, फुंक गया नौनिहाल, तीन भाई-बहन सो रहे थे, पढ़ें- पूरी खबर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में झोपड़ी में आग लगने से नौनिहाल जला।

कानपुर के कल्याणपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत झोपड़ी में आग लगने से नौनिहाल की जलकर मौत हो गई। झोपड़ी में तीनों भाई बहन सो रहे थे। मामा ने आग से एक भाई और बहन को बाहर निकाला।

कानपुर, अमृत विचार। कल्याणपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत झोपड़ी में भीषण आग लगने से एक नौनिहाल की जलकर मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। धू-धूकर जलती झोपड़ी को देखकर मामा ने किसी तरह अंदर सो रहे भाई बहन को सकुशल बाहर निकाल लिया। घटना देख आसपास के रहने वाले अन्य परिवारों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। इस दौरान माता-पिता के काम से लौटने पर घटना की जानकारी हुई तो चीख पुकार मच गई। घटना की जानकारी होने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। 

कल्याणपुर में माधव मंदिर के पीछे नानकारी मोहल्ले में रहने वाले सुभाष मजदूरी वह उनकी पत्नी आशू सिलबट्टे का काम करके परिवार का पालन पोषण करती हैं। सुभाष के अनुसार उनके तीन बच्चे (2 वर्षीय) रामकुमार, (6 वर्षीय) रामतीरथ व (11 वर्षीय) बेटी नंदनी है। उसके अनुसार रविवार दोपहर वह और पत्नी काम पर रोज की तरह चले गए थे।

इस दौरान तीनों बच्चे दोपहर में ही झोपड़े में सो रहे थे। अचानक झोपड़ी में आग लग गई। तीनों बच्चे जब तक कुछ समझ पाते इससे पहले आग ने झोपड़ी को पूरी तरह से चपेट में ले लिया। धू-धूकर जलती झोपड़ी से बच्चों को निकालने के लिए मामा सनी दौड़ा और किसी तरह मशक्कत कर रामकुमार और नंदनी को बाहर निकाल लिया।

इस दौरान जलती झोपड़ी में छह वर्षीय रामतीरथ की जलकर दर्दनाक मौत हो गई। आग की घटना से पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। मौके पर कल्याणपुर इंस्पेक्टर देवेंद्र दुबे ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच पड़ताल की। आग लगने की घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

संबंधित समाचार