बाराबंकी पहुंचे CM योगी, कहा - सपा और बसपा के कचरे को साफ करने का है चुनाव
शहरों को बुनियादी सुविधाएं देने के लिए ट्रिपल इंजन की सरकार जरूरी
बाराबंकी, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को यहां कहा कि निकायों के चुनाव सपा- बसपा के कचरे को साफ करने का चुनाव है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने यह कहकर नगरीय क्षेत्र में रहने वाले 6 करोड़ लोगों का अपमान किया कि यह कचरा उठाने का चुनाव है, इसलिए हम इसे गंभीरता से नहीं ले रहा है। जो मुख्यमंत्री रहा हो वह इतनी छोटी बात कैसे कह सकता है।
.jpg)
सीएम योगी राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान पर नवाबगंज क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार शशि श्रीवास्तव के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हम 17 नगर निगमों को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने जा रहे हैं। शहरों को बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने का काम चल रहा है। हमने स्वच्छ भारत मिशन अभियान चलाकर शहरों से कूड़े के ढेर को साफ किया। 2017 से पहले शहरी क्षेत्र की पहचान कूड़े के ढेर से हुआ करती थी।2017 के पहले शहरी क्षेत्र में शोहदों का आतंक हुआ करता था। बच्चियां स्कूल जाने से घबराती थी। गुंडे और माफिया व्यापारियों से रंगदारी की वसूली करते थे। अब हमने कमांड एंड कंट्रोल सेंटर बनाया। जिससे व्यापक परिवर्तन हो रहा है। व्यापारियों को 10 लाख रुपए तक का सुरक्षा कवच दिया। शहरों की पहचान से सिटी के रूप में बनाई। उन्होंने जनता से अपील की कि नवाबगंज नगर पालिका के साथ-साथ जिले के सभी नगर पंचायतों में न केवल चेयरमैन पद के उम्मीदवारों को जिताएं, बल्कि पूर्ण बहुमत के बोर्ड का गठन कराएं। विकास के लिए पैसे की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना। जिन 20 देशों के पास 90% तक पेटेंट है उनका नेतृत्व भारत कर रहा है। हमने सूडान में आपरेशन कावेरी चलाकर वहां फंसे भारतीयों को बाहर निकाला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ही प्रभाव था कि रूस और यूक्रेन युद्ध के दौरान दोनों देश भारत वासियों को बाहर निकालने के लिए सीजफायर पर राजी हुए। अमृत महोत्सव का आयोजन कर आजादी के जश्न में हर भारतवासी को जोड़ा गया। उन्होंने कहा कि बाराबंकी के लोग अब अयोध्या के एयरपोर्ट का भी उपयोग कर सकेंगे। दुनिया के देशों के भारत के बारे में धारणा बदली है भारत वैश्विक लीडर के रूप में स्थान बनाने में सफल हुआ है। देश में पिछले 65 सालों में जो सरकारें रहीं, उन्होंने जो काम नहीं किया उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 वर्ष में कर दिखाया।
सभा में सांसद उपेंद्र रावत, राज्यमंत्री सतीश शर्मा, विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा, दिनेश रावत, एमएलसी अंगद सिंह, नवाबगंज क्षेत्र से भाजपा की उम्मीदवार पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष शशि श्रीवास्तव, जिला अध्यक्ष शशांक कुशमेश, पूर्व जिला अध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव, पार्टी की जिला प्रभारी अर्चना मिश्रा, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष रणजीत बहादुर श्रीवास्तव, पूर्व विधायक शरद अवस्थी, पार्टी के मीडिया प्रभारी विजय आनंद बाजपेई सहित सभी नगर पंचायत में चेयरमैन पद के उम्मीदवार मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें -UP By-Election : स्वार और छानबे में आज शाम थम जायेगा चुनाव प्रचार, 10 मई को होगी वोटिंग
