UP Nikay Chunav 2023 : 193 टेबलों पर आएंगे निकाय चुनाव के नतीजे, कंट्रोल रूम की होगी स्थापना, पढ़ें- पूरी खबर
UP Nikay Chunav 2023 कानपुर में 193 टेबलों पर निकाय चुनाव के नतीजे आएंगे।
UP Nikay Chunav 2023 कानपुर में 193 टेबलों पर निकाय चुनाव के नतीजे आएंगे। महापौर के लिए 86 और नगर निगम वार्ड के लिए 107 टेबल लगेंगे। कंट्रोल रूम की स्थापना होगी। इसके साथ ही 6 टेबल पर बैलट पेपर की गिनती होगी।
कानपुर, अमृत विचार। स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर शहर में 11 मई को मतदान होना है। इसके बाद 13 मई को चुनाव के नतीजे आ जाएंगे। नौबस्ता गल्लामंडी में मतगणना के लिए तैयारियां पूरी की जा रही हैं। यहां महापौर के लिए 86 और नगर निगम वार्ड के लिए 107 टेबलों को लगाया जाएगा। वहीं, छह टेबलों पर बैलट पेपर की गिनती होगी। सुबह आठ बजे से ही चुनावी रुझान आने शुरू हो जाएंगे।
इसबार नगर निगम के 110 वार्ड के अंतर्गत कुल 535 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसमें वार्ड के हिसाब से मतदान कक्ष की संख्या तय की गई है। जिसमें कहीं कम तो कहीं ज्यादा मतदान कक्ष बनाए गए हैं। एक टेबल पर पांच मतदान केंद्र के वोटों की गिनती करने का निर्णय लिया गया है।
वहीं, महापौर निर्वाचन के लिए चार नीलामी चबूतरों में मतगणना कराई जाएगी। जिसमें हाल नंबर एक में 22 टेबल, हाल नंबर दो में 18 टेबल, हाल नंबर तीन में 19 टेबल और हाल नंबर 4 में 21 टेबल लगाई जा रही है, इसी क्रम में पोस्टल बैलट गिनती के लिए 6 टेबल हाल नंबर 2 में लगाई जाएंगी जहां पर रिटर्निंग ऑफिसर अतुल सिंह बैठेंगे।
दूसरी शिफ्ट में नहीं होगी मतगणना
जोन-2, 5 और 3 में सबसे ज्यादा वोटर्स की संख्या है, ऐसे में यहां पर मतदान केंद्र की भी संख्या ज्यादा है। जोन-दो में 116 केंद्र के लिए 23, जोन-पांच में 103 केंद्र के लिए 21 और जोन-तीन के लिए 20 टेबल लगाए जाएंगे। अधिकारियों के मुताबिक, मतगणना एक शिफ्ट में 8 से 10 घंटे तक खत्म कर दी जाएगी। दूसरी शिफ्ट के लिए अनुमति नहीं दी गई है। अगर किसी ईवीएम में गड़बड़ी की गई हो, डैमेज या फिर गुम गई है तो मतगणना न कराते हुए जिला निर्वाचन के माध्यम से आयोग को सूचना दी जाएगी। एक गणना मेज पर दो वार्ड के पार्षद व महापौर पद के लिए दूसरी मतगणना की टेबल लगाई जाएगी। इसे लेकर मास्टर ट्रेनर की तरफ से सभी आरओ और एआरओ को जानकारी दे दी गई है।
कंट्रोल रूम की होगी स्थापना
जिलाधिकारी विशाख जी ने बताया कि जिला प्रशासन एक कंट्रोल रूम की स्थापना कर रहा है। जिसमें जिलाधिकारी के स्तर का एक अधिकारी वहां का प्रभारी बनाया जाएगा। जिसमें मतदान और मतगणना से संबंधित किसी भी तरह की शिकायत मिलते ही उसका निराकरण कराया जाएगा।
