दिल्ली पुलिस ने बरेली में पकड़ा फर्जी काल सेंटर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। दिल्ली में अक्षरधाम के केयरटेकर से ठगी के मामले में दिल्ली पुलिस ने सोमवार को बारादरी थाना पुलिस के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई करके यहां शहर में मालियों की पुलिया के पास स्थित खान मार्केट में फर्जी काल सेंटर पकड़ लिया। पुलिस ने काल सेंटर से सरगना समेत 13 लोगों को …

बरेली, अमृत विचार। दिल्ली में अक्षरधाम के केयरटेकर से ठगी के मामले में दिल्ली पुलिस ने सोमवार को बारादरी थाना पुलिस के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई करके यहां शहर में मालियों की पुलिया के पास स्थित खान मार्केट में फर्जी काल सेंटर पकड़ लिया। पुलिस ने काल सेंटर से सरगना समेत 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें नौ लड़कियां भी शामिल हैं। इसके अलावा दर्जनों मोबाइल, रजिस्टर, लैपटॉप आदि बरामद किए हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

हैरानी की बात यह है कि जालसाजों ने रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) के फर्जी दस्तावेज दिखाकर दिल्ली के केयरटेकर के साथ ठगी की थी। अक्षरधाम के केयरटेकर ज्योतिन्दर मुकुंदराय दबे ने दिल्ली के मंडावली थाने में 25 जुलाई को प्रार्थना पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि पेंशन दिलाने के नाम पर साइबर ठगों ने 1.38 लाख रुपये की ठगी कर ली।

सोमवार को दिल्ली पुलिस के एसआई अजीत कृष्णा व केके शर्मा पुलिस टीम के साथ बरेली पहुंचे। यहां बारादरी थाना पुलिस की मदद से उन्होंने खान मार्केट की तीसरी मंजिल पर दबिश देकर काल सेंटर चला रहे जालसाज अनिल कुमार निवासी गजरौला पीलीभीत और उसके साथियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने मौके से 25 मोबाइल, 50 सिम, दो लैपटॉप, एक टैबलेट व कई रजिस्टर बरामद किए हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। दिल्ली पुलिस के एसआई अजीत कृष्णा ने बताया कि आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद दिल्ली ले जाया जाएगा।

संबंधित समाचार