बरेली: ट्रैफिक व्यवस्था फेल, अनलाक में शहर जाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। जिले में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को देखते हुए हाईकोर्ट ने कोविड-19 की गाइडलाइन का अनुपालन कराने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए हैं, लेकिन सोमवार को साप्ताहिक अनलाक में लोगों की भारी भीड़ शहर की सड़कों पर निकली तो हर ओर जाम ही जाम नजर आया। शहर का मुख्य स्थानों समेत अधिकांश …

बरेली,अमृत विचार। जिले में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को देखते हुए हाईकोर्ट ने कोविड-19 की गाइडलाइन का अनुपालन कराने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए हैं, लेकिन सोमवार को साप्ताहिक अनलाक में लोगों की भारी भीड़ शहर की सड़कों पर निकली तो हर ओर जाम ही जाम नजर आया। शहर का मुख्य स्थानों समेत अधिकांश तिराहे-चौराहों वाहनों और लोगों की भीड़ से कराहते नजर आए। ट्रैफिक पुलिस भी शहर के यातायात को नियंत्रित करने में नाकाम नजर आई।

शनिवार और रविवार के लाकडाउन में बाजारों में जहां सन्नाटा नजर आ रहा था, वहां सोमवार को वाहनों और लोगों की भीड़ नजर आई। इससे शहर के सेटेलाइट ओवरब्रिज के पास तो करीब 11 बजे से लगा जाम शाम तीन बजे तक रहा। ट्रैफिक पुलिस ने काफी प्रयास करके जाम को खुलवाया लेकिन यातायात को सही से बहाल नहीं करा पाए। चौकी चौराहा और अय्यूब खां चौराहा पर भी बार-बार जाम लगता रहा।

वहीं, चौपुला पुल पर भी जाम के झाम में फंसे रहे। वाहन चालकों को एक किलोमीटर की दूरी तय करने में एक घंटा से भी ज्यादा वक्त लगा। श्यामगंज, कुतुबखाना, कोतवाली रोड समेत अधिकांश स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रही। व्यापारियों ने खोदकर डाली गईं सड़कों को शहर में जाम लगने का जिम्मेदार ठहराया गया, साथ ही बाजारों में कोविड-19 के नियमों का पालन न करने को प्रशासनिक लापरवाही माना। शहर में ट्रैफिक व्यवस्था फेल होने की जिम्मेदार चाहे टूटी सड़कें हों, ट्रैफिक पुलिस का यातायात पर नियंत्रण न करना हो या फिर खुद चालकों द्वारा बेतरतीब वाहन खड़े करना लेकिन इसमें फंसकर शहर के तमाम लोग जूझते रहे।

कोरोना की बढ़ रही रफ्तार, बाजारों में भीड़ बेशुमार
साप्तहिक लाकडाउन खोले जाने के पहले दिन सोमवार को शहर में अधिकांश स्थानों पर कोविड-19 की गाइडलाइन का अनुपालन नहीं किया गया। मास्क न लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करना लोगों के लिए आम बात बनकर रह गया। दुकानदार व ग्राहक बिना मास्क लगाये खरीद-फरोख्त करते रहे। दुकानदार भी बिक्री करने के लिए ग्राहक को सोशल डिस्टेंसिंग का पाठ पढ़ाना ही भूल गए। कई दुकानों पर सैनेटाइजर तक नहीं रखा हुआ था।

कोविड नियमों की उदघोषणा सुनकर भी नहीं किया पालन
कोतवाली से चंद आगे बढ़ते ही स्थित पंजाबी मार्केट में भी दुकानों पर भारी भीड़ जुटी रही। लोग न के बराबर मास्क लगाए नजर आए। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी नहीं कर रहे थे। जबकि वहीं पर कोतवाली पुलिस की ओर से लगाए लाउडस्पीकर से लगातार कोविड-19 के नियमों का अनुपालन करने की हिदायत भी दी गई।

कुतुबखाना चौराहा पर तो पैदल चलना भी मुश्किल
शहर के कुतुबखाना चौराहा के पास दोपहर करीब एक बजे पहले तो वाहनों की वजह से जाम लग गया। इसके बाद स्थिति यह हो गई कि वहां से पैदल निकलना भी लोगों के लिए मुश्किल हो गया। ऐसे में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए लगाए गए ट्रैफिक पुलिसकर्मी और होमगार्ड भी घंटों तक जाम खुलवाने के लिए जूझते रहे। वहीं, शहर के जानकार कुछ लोग गलियों से निकलकर अपने गंतव्य तक पहुंचे।

संबंधित समाचार