मुरादाबाद : देर रात युवक की गोली मारकर हत्या, तलाश में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। मझोला थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक फर्मकर्मी के सीने में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात से ठीक पहले युवक अपने दोस्तों के साथ एमजीआर रेस्टोरेंट के पीछे गोल चक्कर पर घूमने गया था। गोली से घायल युवक को गंभीर हालत में साईं अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने युवक को देखते ही मृत घोषित कर दिया। एसएसपी व एसपी सिटी सनसनीखेज हत्याकांड की तह तक जाने में जुटे हैं।  

मझोला थाना क्षेत्र में नयागांव गागन निवासी 20 वर्षीय प्रेम शर्मा एक निर्यात फर्म में मजदूरी करता था। पुलिस के मुताबिक प्रेम शर्मा के मोहल्ले में ही रहने वाला व उसका दोस्त अरुण उर्फ गोल्डी किराए पर कैमरा देने का काम करता है। मिलन विहार के कुछ लड़कों को उसने कैमरा दिया था। कैमरे के किराये को लेकर अरुण का मिलन विहार के लड़कों से विवाद हो गया। एक दिन पूर्व हुए विवाद के मामले में सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे सभी बुद्धिविहार में गोल चक्कर तालाब के पास एकत्र हुए।

 बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। हाथापाई के बीच मिलन विहार के एक लड़के ने तमंचे से फायर झोंक दिया। गोली प्रेम शर्मा के सीने में लगी। गोली लगते ही प्रेम जमीन पर गिर पड़ा। मौका पाकर हमलावर भाग निकले। पुलिस व परिजन मौके पर पहुंचे। लहूलुहान युवक को दिल्ली रोड स्थित साईं अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्रेम शर्मा को मृत घोषित कर दिया। एसएसपी हेमराज मीना, एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया और सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। साईं अस्पताल पहुंच कर पुलिस अधिकारियों ने घटना के बावत पूछताछ की। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस 
मुरादाबाद। मझोला पुलिस हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी है। पुलिस के मुताबिक हमलावर अरुण उर्फ गोल्डी को मारना चाहते थे। अरुण से ही उनका व्यावसायिक विवाद भी था। दोस्त होने के कारण प्रेम अरुण के पाले में जाकर खड़ा हो गया। गोलबंदी के दौरान दोनों ही पक्ष उग्र हो गए। बातचीत के दौरान हमलावरों ने गोली दाग दी। मिलन विहार निवासी आरोपी युवक व उसके साथियों की तलाश हो रही है। एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि अरुण उर्फ गोल्डी को निशाना बनाकर फायरिंग की गई। अचानक अरुण हट गया। तभी गोली प्रेम शर्मा के सीने को चीरते हुए उसके शरीर में समा गई। फरार कातिलों की तलाश में पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। एसपी सिटी ने बताया कि जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ये भी पढे़ं:- मुरादाबाद : पति ने की पत्नी की गला रेत कर हत्या, गटर में फेका शव

संबंधित समाचार