Unnao: प्रेमी युगल के फंदे पर लटके मिले शव, ऑनर किलिंग की आशंका, परिजन बोले- कार सवारों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा था
उन्नाव में प्रेमी युगल के एक फंदे से लटके मिले शव।
उन्नाव के आसीवन थानांतर्गत कायमपुर नेवरवारा गांव में प्रेमी युगल के शव फंदे पर लटके मिले। परिजनों ने ऑनर किलिंग की आंशका जताई। एसपी, एएसपी, सीओ व फोरेंसिंक टीम ने मौके पर पहु्ंचकर जांच पड़ताल की।
उन्नाव, अमृत विचार। आसीवन थानाक्षेत्र में प्रेमी युगल के शव आम के पेड़ में एक ही दुपट्टे के फंदे से लटके मिलने से सनसनी मच गई। पुलिस ने आनन-फानन शवों को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामला ऑनर किलिंग से जुड़ा बताया जा रहा है।
युवक के परिजनों का आरोप है कि बीती शाम उसे बोलेरो सवार लोगों ने गांव के बाहर तालाब के पास दौड़ा-दौड़ा कर पीटा था और उसके बाद गाड़ी में लादकर ले गए थे। जिसके बाद सुबह उसका शव लटका मिला। परिजनों ने यह भी बताया कि रात में घटना की सूचना पुलिस को दी थी लेकिन पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया। कहा कि पुलिस गंभीर होती तो शायद दोनों की जान बच जाती।
आसीवन थानाक्षेत्र के कायमपुर नेवरवारा गांव निवासी अखिलेश उर्फ छोटू (18) पुत्र छोटेलाल पासी और एक नाबालिग किशोरी का शव गांव से करीब डेढ़ किमी दूर जरा इला निवासी नसरत के आम के बाग में एक ही दुपट्टे के फंदे से लटके मिलने से ग्रामीणों में सनसनी मच गई।
जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने आनन-फानन शवों को उतरवाकर मोर्चरी भेजा। मृतक अखिलेश के परिजनों का आरोप है कि बीती शाम गांव के बाहर तालाब किनारे बोलेरो से आए चार-पांच लोगों ने बेटे को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा था। इसके बाद उसे गाड़ी में डालकर चले गए। इसकी जानकारी पर पुलिस को दी गई थी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। तालाब के पास से दो-तीन जोड़ी चप्पलें और डंडे भी पड़े मिले हैं।
युवक के परिजनों ने युवती के परिजनों पर हत्या करने और शव को फंदे से लटका देने का आरोप लगाया है। एसपी सिद्धार्थ शंकर मीना, एएसपी शशि शेखर सिंह ने मौके की जांच कर फोरेंसिंक व डाग स्क्वाड को बुलवाकर भी जांच कराई है।
एएसपी ने बताया कि युगल के शव फंदे से लटके मिले हैं। शवों को मोर्चरी भेजा गया है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर युवती की मां, बहन और भाई को थाने बुलाकर पूछताछ शुरू की है।
एक मई को जमानत पर छूटा था अखिलेश
ग्रामीणों के मुताबिक दोनों में लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। होली से 1 दिन पहले दोनों भाग गए थे। युवती के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अपहरण व दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों को बरामद किया था। युवती को परिजनों को सौंपने के साथ ही युवक को जेल भेजा गया था। बीती 1 मई को ही वह जमानत पर जेल से छूटा था।
