पंजाब में जालंधर लोकसभा उपचुनाव के लिए सुबह आठ बजे से मतदान शुरू, 19 प्रत्याशी आजमा रहे अपनी किस्मत
जालंधर। पंजाब की जालंधर लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान बुधवार सुबह शुरू हो गया, जहां आम आदमी पार्टी (आप), कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल के बीच मुकाबला माना जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि जालंधर संसदीय क्षेत्र में सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हुआ जो शाम छह बजे तक जारी रहेगा। क्षेत्र में कुल 16,21,800 मतदाता हैं जिनमें 41 ट्रांसजेंडर हैं। चुनाव मैदान में कुल 19 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं जिनमें चार महिलाएं हैं। मतगणना 13 मई को होगी।
कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के निधन के बाद जालंधर लोकसभा (सुरक्षित) सीट खाली हो गयी थी। चौधरी को इस साल जनवरी में जिले के फिल्लौर में कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान दिल का दौरा पड़ा था। इस सीट पर कांग्रेस से दिवंगत संतोख सिंह चौधरी की पत्नी करमजीत कौर, कांग्रेस छोड़कर ‘आप’ में आए पूर्व विधायक सुशील रिंकू और शिरोमणि अकाली दल छोड़कर भाजपा में आए दलित सिख इंद्र इकबाल सिंह मैदान में हैं। अकाली दल ने अपने दो बार के विधायक सुखविंदर कुमार सुक्खी को प्रत्याशी बनाया है।
सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी को उपचुनाव में जीत हासिल करने और लोकसभा में अपनी मौजूदगी सुनिश्चित करने की उम्मीद है। मार्च 2022 में प्रचंड बहुमत से पंजाब की सत्ता में आई ‘आप’ को तीन महीने बाद ही संगरूर लोकसभा उपचुनाव में हार का सामना करना पड़ा था इसलिए उसके लिए यह चुनाव और अहम हो गया है।
ये भी पढे़ं- कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए सुबह सात बजे से मतदान शुरू, राज्य में बनाए गए 58,545 मतदान केन्द्र
