Fatehpur: वाहन ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, रात भर दर्द में तड़पते रहे, मदद नहीं मिलने से हो गई मौत
फतेहपुर में वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो की मौत।
फतेहपुर के खागा कोतवाली क्षेत्र में वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
फतेहपुर, अमृत विचार। खागा कोतवाली क्षेत्र में महिचा-संवत मार्ग पर बीती रात दर्दनाक हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसे में एक युवक घायल हो गया। जिसे पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है।
खासमऊ गांव के रहने वाले 23 वर्षीय पप्पू पासवान, 20 वर्षीय बउवा पासवान तथा 18 वर्षीय पंकज पासवान तीनों लोग एक बाइक पर सवार होकर मंगलवार शाम नए पुरवा मजरे संवत गांव गए थे। शादी समारोह में सम्मिलत होने के बाद देर रात तीनों युवक घर आ रहे थे।
संवत-महिचा मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से तीनों घायल हो गए। तड़के गोसाई महिचा गांव के लोग जंगल की ओर जा रहे थे। उन्होंने देखा कि खून से लथपथ तीनों युवक इधर-उधर पड़े हुए हैं। हादसे के बावत महिचा चौकी को ग्रामीणों द्वारा सूचित किया गया।
पुलिस ने घायल और मरणासन्न स्थिति में पड़े तीनों युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जहां चिकित्सक ने पप्पू और बउवा को मृत घोषित कर दिया। पंकज को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर किया है।
रात में सुनी गई तेज रफ्तार ट्रैक्टर की आवाज
सवंत-महिचा मार्ग पर जिस जगह हादसा हुआ है, उसके नजदीक ही एक ईंट भट्ठा है। भट्ठा मजदूरों ने बताया कि रात में 12 बजे करीब महिचा-संवत मार्ग पर तेज रफ्तार जा रहे ट्रैक्टर की आवाज सुनी गई थी। कोई चीज टकराने जैसी आवाज भी लोगों ने सुनी।
हालांकि चीख-पुकार जैसा कुछ भी न सुनाई पड़ने से सभी लोग सो गए। यूकेलिप्टस की लकड़ी लादे ट्रैक्टर को पुलिस ने कब्जे में लिया है। चालक फरार है, जिसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। कोतवाली प्रभारी अरुण चतुर्वेदी ने बताया कि ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवकों की मौत हुई है। हादसे की जांच की जा रही है।
रात भर दर्द से तड़पता रहा पंकज
कोतवाली पुलिस जहां रात्रिगस्त मुस्तैदी से करने का दावा करती है। ऐसे में बीच सड़क हुए हादसे के बाद बाइक सवार पंकज रात भर सड़क पर पड़ा दर्द से कराहता रहा। मदद के लिए न तो ग्रामीण पहुंचे और न ही कोतवाली पुलिस की जीप जो रात्रिगस्त का हवाला देती रहती है।
