संभल : बदायूं में हुए सड़क हादसे में चन्दौसी की वृद्धा की मौत, बेटा घायल
बेटे के साथ अपने पुस्तैनी गांव नूरपुर पिनौनी जा रही थी वृद्धा, बजरफुट से लदे ट्रक ने बाइक को पीछे से मारी टक्कर
चन्दौसी, अमृत विचार । बदायूं जिले में हुए सड़क हादसे में चन्दौसी की वृद्धा की मौत हो गई। जबकि बाइक सवार बेटा घायल हो गया। बदायूं के इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव नूरपुर पिनौनी निवासी सरला देवी (70) काफी समय से परिवार के साथ चन्दौसी की गणेश कालोनी गुलडेहरा रोड पर मकान बना कर रह रही थीं।
छोटा बेटा सुरेंद्र पाल सिंह नूरपुर पिनौनी के प्राथमिक विद्यालय में अध्यापक है। जबकि बड़े बेटे शिवेंद्र पाल सिंह बिजनौर के इंटर कालेज में शिक्षक हैं। तीसरा बेटा शैलेंद्र पाल सिंह भी अपने परिवार के साथ बाहर रहता है। बुधवार की सुबह करीब सवा सात बजे सुरेंद्र पाल सिंह ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकला था। साथ में मां सरला देवी भी थी। थाना इस्लामनगर के गांव लस्करपुर ओइया के निकट पीछे से आ रहे बजरफुट से लदे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से सरला देवी बाइक से उछल कर सड़क पर जा गिरीं। जबकि बेटा बाइक समेत सड़क किनारे दूर जा गिरा। सरला देवी संभल पातीं, उससे पहले ही ट्रक का अगला पहिया उनके ऊपर से उतर गया। इससे उनकी गर्दन अलग होने से मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सुरेंद्र पाल के हाथ पैरों में चोट आयी। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़ कर भाग गया। पुलिस ने परिचालक को हिरासत में लेकर ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
ये भी पढ़ें : संभल: ईंट-भट्ठे के खंडहर में युवक का सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी
