संभल: ईंट-भट्ठे के खंडहर में युवक का सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी
बदायूं रोड स्थित सिंधी ईंट-भट्ठा के निकट का मामला, पुलिस ने की पड़ताल, पांच दिन पुराना बताया जा रहा है शव, चेहरा गलने की वजह से नहीं हो सकी शिनाख्त
संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। बदायूं रोड स्थित सिंधी ईंट भट्ठे के खंडहरनुमा मकान में युवक की सड़ी-गली लाश मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन चेहरा बुरी तरह से गल जाने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। पुलिस ने प्रथमदृष्टया नशे की ओवरडोज से मौत का कारण मानते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की हत्या हुई या नशे की ओवरडोज से मौत हुई।
बदायूं रोड स्थित गांव तारापुर के बाहर सिंधी ईंट-भट्ठा काफी समय से बंद है। भट्ठे की कोठरी खंडहर में तब्दील हो गई है। मंगलवार की सुबह करीब 10 बजे खंडहर से दुर्गंध आने पर वहां से गुजर रहे लोगों को शक हुआ। उनकी सूचना पर प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र सिंह पंवार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन की। खंडहर में युवक का शव पड़ा था। उसने नीले रंग की जींस और लाल-हरे रंग की फुल बाजू की टीशर्ट पहनी थी। शव करीब पांच दिन पुराना था। शरीर बुरी तरह गल चुका था। चेहरा कीड़ों ने नोंच लिया था। इसके चलते काफी प्रयास के बावजूद शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। शव के पास माचिस, बीड़ी-सिगरेट के अंश आदि सामान पड़ा था। मृतक की उम्र 30-35 वर्ष होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
देर शाम से लग जाता है यहां नशेड़ियों का जमावड़ा
सिंधी ईंट भट्ठे के निकट कई मकान हैं। यहां लोग अपने परिवार के साथ रहते हैं। यहां रहने वाले वीरपाल, रामप्रकाश व मीना देवी आदि ने बताया कि यहां रोजाना देर शाम से ही नशेड़ियों का जमावड़ा लग जाता है। देर रात तक आसपास के युवा यहां आकर नशा करते हैं। देर रात तक शोर-शराबा होता रहता है। रात में गश्ती पुलिस के वाहन के हूटर की आवाज सुन नशेड़ी खंडहर में छिप जाते हैं। पुलिस की गाड़ी गुजरने के बाद खंडहर से बाहर आ जाते हैं।
खंडहर में मिले शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। प्रथमदृष्टया युवक की मौत नशे की ओवरडोज से होना प्रतीत हो रहा है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।-सत्येंद्र सिंह पंवार, कोतवाल
ये भी पढ़ें:- कनाडा ने चीन के राजनयिक को देश किया निष्कासित, सांसद को डराने की कोशिश करने का आरोप
