Chitrakoot News : 137913 मतदाता चुनेंगे नगर पालिका-पंचायत की सरकार, SP बोली- सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था
चित्रकूट में 137913 मतदाता चुनेंगे नगर पालिका-पंचायत की सरकार।
चित्रकूट में 137913 मतदाता चुनेंगे नगर पालिका-पंचायत की सरकार। चारों निकायों के 66 वार्डों में कुल 137913 वोटर हैं।
चित्रकूट, अमृत विचार। नगर निकाय चुनाव के द्वितीय चरण में आज मतदान होगा। कुल 137913 मतदाता नगर पालिका चित्रकूटधाम और तीन नगर पंचायतों मानिकपुर, मऊ और राजापुर के लिए अध्यक्ष और सदस्य चुनेंगे। चारों निकायों में 66 वार्डों के लिए चुनाव होना है।
नगर पालिका परिषद चित्रकूटधाम के अध्यक्ष और सदस्य पदों के भाग्य का फैसला 87361 मतदाता करेंगे। कुल 25 वार्डों के सदस्यों और पालिकाध्यक्ष के लिए 47013 पुरुष और 40348 महिलाएं वोट डालेंगी। 11 मई को पूर्वाहन सात से शाम छह बजे तक मतदान होगा। 13 मई को सुबह आठ बजे से मतगणना की जाएगी।
तीनों नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद के लिए एक आरओ और दो एआरओ तथा सदस्य पद के लिए प्रत्येक जगह एक आरओ और दो एआरओ की तैनाती की गई है। इसी प्रकार नपा में दो जोनल और पांच सेक्टर मजिस्ट्रेटों को नियुक्त किया गया है। नगर पंचायतों में एक जोनल और दो सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे।
मानिकपुर में कुल 12 और राजापुर में 15 वार्ड
मानिकपुर नगर पंचायत में 12 वार्डों में चुनाव होगा। इनमें 7674 पुरुष और 6652 महिला मतदाता हैं। नगर पंचायत राजापुर में अध्यक्ष और 15 वार्डों के सदस्य के लिए 11391 पुरुष और 9700 महिला मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगी।
मऊ में है पहली बार चुनाव
मऊ नगर पंचायत में पहली बार चुनाव होगा। यहां 14 वार्डों के सदस्य और नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए 15135 मतदाता वोट करेंगे। इनमें 8135 पुरुष और 7000 महिलाएं हैं। इस प्रकार चारों निकायों के लिए 66 वार्डों में कुल 137913 वोटर हैं, जिनमें 74213 पुरुष और 63700 महिलाएं हैं।
दो मतदान केंद्र हैं अति संवेदनशील प्लस
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, नपा चित्रकूटधाम में कुल 23 मतदान केंद्र और 79 मतदेय स्थल हैं। इनमें से नौ मतदान केंद्र और तीस मतदेय स्थल संवेदनशील हैं। छह मतदान केंद्र और 19 मतदेय स्थल अति संवेदनशील हैं। मानिकपुर नगर पंचायत में कुल चार मतदान केंद्र और 14 मतदेय स्थल हैं। इनमें से एक मतदान केंद्र और एक मतदेय स्थल संवेदनशील, दो मतदान केंद्र अति संवेदनशील और एक अति संवेदनशील प्लस है। राजापुर में नौ मतदान केंद्र और 28 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। इनमें से पांच मतदान केंद्र और 15 मतदेय स्थल संवेदनशील, चार मतदान केंद्र और 12 मतदेय स्थल अति संवेदनशील हैं। मऊ में कुल चार मतदान केंद्र और 20 मतदेय स्थल हैं। यहां संवेदनशील मतदान केंद्र एक और मतदेय स्थल दो हैं। अति संवेदनेशील मतदान केंद्रों की संख्या दो और मतदेय स्थल 12 हैं। यहां एक मतदान केंद्र और छह मतदेय स्थल अति संवेदनशील प्लस माने गए हैं। इस प्रकार जिले में निकाय चुनाव के लिए कुल 40 मतदान केंद्र और 140 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। इनमें से 16 मतदान केंद्र और 48 मतदेय स्थल संवेदनशील, 14 मतदान केंद्र और 45 मतदेय स्थल अति संवेदनशील तथा दो मतदान केंद्र और सात मतदेय स्थल अति संवेदनशील प्लस की श्रेणी में हैं।
चिलचिलाती धूप में रवाना हुए कार्मिक
चिलचिलाती धूप में बुधवार को चित्रकूट इंटर कालेज से चुनावकार्मिकों की रवानगी हुई। इस मौके पर डीएम अभिषेक आनंद, एसपी वृंदा शुक्ला ने इनको पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपना काम करने की नसीहत दी।
45 बड़े वाहन लगाए गए
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) प्रदीप कुमार देशमणि ने बताया कि चुनाव में कुल 45 बड़े वाहन लगाए गए हैं, जिनमें निजी और सरकारी बसें शामिल हैं। इनके अलावा दस बसें रिजर्व रखी गई हैं। 82 छोटे वाहन हैं, इनको पुलिस सुरक्षा के लिए दिया गया है। 16 वाहन प्रशासन, सेक्टर-जोनल मजिस्ट्रेटों के लिए आरक्षित हैं। इनके अलावा आठ छोटे वाहन भी रिजर्व रखे गए हैं।
सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था- एसपी
एसपी ने बताया कि चुनाव में किसी भी तरह सुरक्षा व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा। पुख्ता और चाकचौबंद सुरक्षा की गई है। तीन कंपनी बटालियन तैनात की गई है, जिसमें दो पीएसी की और एक सीआईएसएफ की है। कुल मिलाकर 300 जवान अलग -अलग ड्यूटी में लगाए गए हैं। इसके अलावा 1200 पुलिसकर्मी भी चौकसी रखेंगे।
