अब तक 13.87 लाख बच्चों का हुआ टीकाकरण, प्रदेश में 1 दिसंबर से चलाया जा रहा विशेष अभियान
शून्य से 1 वर्ष के 16.58 लाख बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य
लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश में नियमित टीकाकरण से वंचित रह गए बच्चों को पुनः टीकाकरण से जोड़ने के उद्देश्य से 1 दिसंबर से विशेष ‘टीका उत्सव’ अभियान शुरू किया गया है, जो पूरे दिसंबर तक चलेगा। इस अभियान का उद्देश्य जीरो डोज सहित पेंटा-1 और मीजल्स-रूबेला (एमआर) की छूटी खुराकों को समय पर पूरा करना है।
राज्य प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अजय गुप्ता ने बताया कि अभियान के तहत 1 वर्ष तक आयु वर्ग के 16.58 लाख बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के शुरुआती चार सत्र दिवसों में अब तक 13.87 लाख बच्चों का टीकाकरण किया जा चुका है। इनमें 2.32 लाख को पेंटा-1, 2.46 लाख को ओपीवी-1, 2.21 लाख को एमआर-1 तथा 2.20 लाख बच्चों को एमआर-2 का टीका लगाया गया है।
डॉ. अजय ने बताया कि सभी टीकाकरण सत्रों में यू-विन पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। अधिक जानकारी के लिए निःशुल्क टोल-फ्री हेल्पलाइन 104 पर कॉल करने या नजदीकी आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता या स्वास्थ्य उपकेंद्र से संपर्क करने की अपील की गई है।
