Hamirpur News: शादी की आधी रस्में पूरी होने के बाद दूल्हे को पागल बता शादी से किया इंकार, फिर हुआ ये सब
हमीरपुर में दूल्हे को पागल बता परिजनों ने किया शादी से इंकार।
हमीरपुर में शादी की आधी रस्में पूरी होने के बाद दूल्हे को पागल बता शादी से इंकार कर दिया। इतना ही नहीं, दूल्हे के पिता सहित रिश्तेदारों को भी बंधक बनाया। बारातियों ने कोतवाली में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
हमीरपुर, अमृत विचार। मौदहा थानाक्षेत्र के घर आई बारात की आधी से अधिक रस्में होने के बाद लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हे को पागल बताकर न केवल शादी से इनकार कर दिया बल्कि दूल्हे के पिता सहित रिश्तेदारों को बंधक बना लिया। इस घटना को लेकर दूल्हा सहित बारातियों ने कोतवाली में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पढ़ोरी निवासी धुन्धा अहिरवार के घर उसकी पुत्री गीता की शादी पर कालपी के बलखंडी अहिरवार के पुत्र कपिल की बारात आई थी। सारी रस्में शादी की खुशियों के बीच चल रही थीं। लड़की पक्ष की ओर से बारातियों का स्वागत धूमधाम से किया गया। इसके बाद भोजन और जयमाल सहित अन्य रस्में पूरी की गई, लेकिन रात बीतने के साथ ही दूल्हे कपिल को चक्कर आने से शादी की खुशियों को ग्रहण लग गया।
जब दुल्हन के जीजा जलालपुर निवासी अमरचंद ने दूल्हे को पागल बता कर बखेड़ा खडा कर दिया और देखते ही देखते तू तू मैं मैं शुरू होने के बाद मामला इतना बिगड़ गया कि दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे के पिता सहित अन्य करीबी रिश्तेदारों को बंधक बना लिया। शादी में खर्च हुए पांच लाख रुपये की मांग कर दी। जिसके बाद दूल्हा सहित बारात कोतवाली पहुंच गई।
दूल्हे ने शिकायती पत्र देकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। दूल्हे कपिल ने बताया कि लगभग दो महीने पहले उसकी शादी तय हुई थी, तब वह स्वयं लड़की देखने अपने परिजनों के साथ आया था। लगातार लड़की से फोन पर बात करता रहा है। सुबह दुल्हन के साढू ने लड़की का फोन तोड़ दिया है। जिसके चलते उससे बात नहीं हो सकी है।
बताया कि चार मई को उसके करीबी रिश्तेदार के ट्रेन से कटने से मौत हो जाने के कारण वह कई रातों से सो नहीं सका है। इसलिए उसे चक्कर आ गया। बताया कि वह इंटर पास है और आर्मी की भर्ती देख रहा है। उसकी जांच कराने के बाद विवाह करा दिया जाए। कोतवाली पुलिस ने मामला पढ़ोरी चौकी भेजा है। अभी दोनों पक्षों में बातचीत का दौर चल रहा है।
