उद्धव को मिली धोखा देने की सजा, अब नीतीश कुमार की बारी: सुशील मोदी
पटना। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने आज कहा कि शिवसेना (उद्धव ठाकरे) को जैसे भाजपा को धोखा देकर सरकार बनाने की सजा मिली, वैसे ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी जनता सत्ता से बाहर कर पलटी मारने का दंड देगी।
मोदी ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि नीतीश कुमार और शरद पवार जैसे जो लोग शिवसेना के 16 विधायकों को अयोग्य ठहराये जाने और महाराष्ट्र की शिंदे सरकार के गिरने की उम्मीद में टकटकी लगाए बैठे थे, उन्हें उच्चतम न्यायालय के फैसले से झटका लगा।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने उद्धव ठाकरे से भेंट के लिए वही तारीख चुनी थी, जिस दिन उच्चतम न्यायालय का निर्णय आना था और सोचा था कि सरकार गिरने का जश्न मुंबई में मनाकर विपक्षी एकता का गुब्बारा उड़ायेंगे। इस मंशा पर पानी फिर गया। भाजपा सांसद ने कहा कि विधायकों को अयोग्य ठहराने का निर्णय विधानसभाध्यक्ष पर छोड़ने का फैसला स्वागतयोग्य है।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार उन्हीं दलों को एक करने का नाटक कर रहे हैं, जो महाविकास अघाड़ी के बैनर तले पहले से एक हैं। मोदी ने सवालिया लहजे में कहा कि नीतीश कुमार कर्नाटक में कांग्रेस और जेडी-एस को या पश्चिम बंगाल में कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को कहां जोड़ पाए। उन्होंने कहा कि वे विपक्षी एकता की बातें कर अपना मन बहला रहे हैं और इधर बिहार में लोग डूबती नाव की तरह उनकी पार्टी छोड़ रहे हैं।
यह भी पढ़ें- SC के फैसले पर बोले शिंदे, कहा- सत्य की हुई जीत...अब जल्द होगा मंत्रिमंडल का विस्तार
