मुरादाबाद: सेल्फी प्वाइंट से डेढ़ लाख रुपये के नोजल चोरी, रिपोर्ट
पुलिस की नाक के नीचे चोरों ने दिखाई हाथ की सफाई, स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अभियंता ने दर्ज कराई रिपोर्ट
मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइंस थाने से दो सौ मीटर व एसएसपी आवास से महज सौ मीटर दूर स्थित पीलीकोठी चौराहे से करीब डेढ़ लाख रुपये का नोजल चोरी हो गया। चोरों की करतूत पुलिस की कार्यप्रणाली व सक्रियता पर सवाल खड़ा करती है।
महानगर में पीलीकोठी चौराहे पर लाखों रुपये खर्च करते हुए स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने एक सेल्फी प्वाइंट का निर्माण कराया है। वहां लोगों की आवाजाही होती है, लेकिन आधी रात के बाद पूरा चौराहा सन्नाटे की आगोश में चला जाता है। हालांकि चौराहे पर 24 घंटे पुलिस पिकेट होती है। स्मार्ट सिटी लिमिटेड के एक सहायक अभियंता ने गुरुवार को सिविल लाइंस थाने में तहरीर दी।
बताया कि उसकी संस्था भारत सरकार का एक उपक्रम है। महानगर के सौन्दर्यीकरण के लिए विभिन्न विकास योजनाएं चलाई जा रहीं हैं। इसी के तहत पीली कोठी चौराहा पर चर्च की दीवार से लगी भूमि पर एक सेल्फी प्वाइंट का निर्माण कराया गया। जिसके निर्माण में कुल 40 लाख रुपये का व्यय हुआ। सेल्फी प्वाइंट पर फुव्वारे भी लगे हैं।
आठ अप्रैल की रात चोरों की नजर फुव्वारे पर गड़ गई। उन्होंने फुव्वारे में लगे 15 नोजल चुरा लिया। इससे सरकार को 1,43, 250 रुपये की क्षति हुई है। तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज करते हुए पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक गजेंद्र सिंह ने बताया कि घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की वीडियो फुटेज खंगाली जा रही है। चोरों की पहचान करने की कोशिश हो रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : मंडलायुक्त ने मांगी जिले के फ्लोर मिलों की सूची और गेहूं भंडारण की स्थिति
