Unnao News: वृद्ध समेत चार के फंदे से लटके मिले शव, परिजनों में मची चीख-पुकार, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

Unnao News उन्नाव में वृद्ध समेत चार के शव फंदे से लटके मिले।

Unnao News उन्नाव के सफीपुर, पुरवा, हसनगंज व मौरावां थानाक्षेत्रों में वृद्ध समेत चार के शव फंदे से लटके मिले। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की।

उन्नाव, अमृत विचार। सफीपुर, पुरवा, हसनगंज व मौरावां थानाक्षेत्रों में वृद्ध समेत चार लोगों के शव संदिग्ध हालात में फंदे से लटके मिले। घटना की जानकारी पर पहुंची संबंधित थानों की पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे। जहां शुक्रवार को सभी का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिये गये। घटनाओं के चलते मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा रहा।

केस एक :

कोतवाली क्षेत्र के बम्हना गांव निवासी रमेश (65) पुत्र स्व. बलदेव लोध का शव शुक्रवार सुबह गांव से एक किलोमीटर दूर नटवाबाबा स्थल पर बरगद के पेड़ से बंधी रस्सी के फंदे से लटका मिला। शव तकरीबन जमीन पर रखी अवस्था में उसके दोनों घुटने जमीन पर थे जिसे लोगों में हत्या किए जाने की भी चर्चा रही। बेटे दिनेश ने बताया कि बीती रात तकरीबन नौ बजे पिता घर से शौंच के लिए खेत जाने की बात कहकर निकले थे। वापस न लौटने पर रात में काफी देर तक उसकी तलाश की गयी लेकिन कोई पता नहीं चला। सुबह ग्रामीणों के जरिए शव फंदे से लटका होने की जानकारी मिली। मृतक खेती किसानी करता था। उसके तीन बेटे दिनेश, बब्लू व राहुल हैं। चार बेटियों सखी, आरती, सीमा व रूबी की शादी हो चुकी है। पति की मौत पर चंदा का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटे ने बताया कि चाचा कल्लू के बेटे दुर्गेश की 15 मई को बारात जानी थी। इस घटना से पूरे परिवार में मातम छा गया। कोतवाल पवन कुमार सोनकर ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने किसी से दुश्मनी से इंकार किया है। हालांकि शव जिस हालात में मिला है वह संदेहास्पद है। हर पहलू से जांच पड़ताल की जा रही है। 

केस दो : 

कोतवाली व नगर के मोहल्ला दुर्गापुर निवासी अरविंद यादव (28) पुत्र स्व. बिल्लेश्वर यादव घर पर अकेला रहता था। शुक्रवार की सुबह परिवारिक चाची अरविंद के लिए चाय लेकर घर पहुंची तो वहां उसका रस्सी के फंदे से लटका शव देख उसकी चीख निकल गयी। महिला के चीखने की आवाज सुनकर वहां मोहल्ले वासियों की भीड़ जमा हो गयी। घटना की सूचना पर पहुंचे कोतवाल ने घटना स्थल पर पहुंच कर परिजनों से जानकारी ली। अविवाहित अरविंद का बड़ा भाई ललित सूचना बाद मौके पर पहुंचा। मृतक दो भाईयों में छोटा व अविवाहित था। भाई की मौत की सूचना पर मिर्रीकलां में दूध डेयरी चलाने वाला बड़ा भाई ललित मौके पर पहुंचा। उसकी लिखित सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कोतवाल चंद्रकांत सिंह ने बताया कि परिजनों ने आत्महत्या की सूचना दी है। वे घटना के पीछे वजह नहीं बता सके। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। 

केस तीन : 

कोतवाली क्षेत्र के बीबीपुर गांव निवासी रामलखन (19) पुत्र कमलेश बीती देर शाम घर में नशे की हालत में पहुंचा तो परिजनों ने डांट दिया। जिससे क्षुब्ध होकर वह घर से निकल गया। देर रात गांव के बाहर रामऔतार के बाग में उसका शव फंदे से लटका मिला। मृतक पांच भाइयों अरविंद, सुरेंद्र, लवकुश व अंकुश में सबसे छोटा था। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। 

केस चार : 

मौरावां थानाक्षेत्र के रामदासखेड़ा निवासी लोचन (27) पुत्र स्व. गोपी लोधी का शव बीती देर शाम घर से करीब 500 मीटर दूर नीम के पेड़ में गमछे के फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों के मुताबिक लोचन की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। उसकी मौत पर पत्नी सुनीता यही सोंच कर बेहाल है कि पति के बाद अब वह दो बेटे व बेटियों की परवरिश कैसे करेगी। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।

संबंधित समाचार