बरेली: सबसे पहले गांधी उद्यान, नौमहला और सुभाष नगर वार्ड का आएगा परिणाम
नगर निगम में सबसे कम इन्हीं तीन वार्डाें में हुआ है मतदान, 28427 वोटों में सिर्फ 30.65 प्रतिशित 8714 वोट ही पड़े, सबसे ज्यादा 56.78 प्रतिशत मतदान बिधौलिया, महेशपुर अटरिया और सरनिया वार्ड में हुआ
बरेली, अमृत विचार : शनिवार को होने वाली मतगणना में सबसे पहले उन वार्डाें का परिणाम आएगा जहां सबसे कम मतदान हुआ है। नगर निगम के 80 वार्डाें में 8 लाख 47 हजार 890 वोटर हैं। इनमें से केवल 3 लाख 47 हजार 548 मतदाताओं ने ही बूथ पर आकर मतदान किया है। हर वार्ड में मतदान कम ही हुआ है, लेकिन सबसे कम मतदान गांधी उद्यान, नौमहला और सुभाष नगर वार्ड में हुआ है।
ये भी पढ़ें - बरेली: कई प्रत्याशियों ने नही कराया आय व्यय का लेखा, निरीक्षण नहीं कराने पर होगी कार्यवाही
तीनों वार्डाें में 28427 मतदाता हैं लेकिन इनमें से केवल 8714 मतदाताओं ने ही मतदान किया है जो केवल 30.65 प्रतिशत। यह शहर में सबसे कम है। ऐसे में माना जा रहा है कि मतगणना के दौरान सबसे पहले इन्हीं तीन वार्डाें का परिणाम आएगा। सबसे ज्यादा मतदान बिधौलिया, महेशपुर अटरिया, सरनिया वार्ड में हुआ है। यहां 16763 मतदाताओं ने मतदान करके शहर में 56.78 प्रतिशत मतदान करने का रिकार्ड बनाया है। 80 वार्डाें की मतगणना के लिए 32 टेबल लगाई जा रही हैं।
मतदान के प्रति शहरी मतदाताओं की कम रूचि से हार-जीत का अंतर भी कम ही होगा। शहर में ज्यादा मतदान करने में दूसरे नंबर पर आने वाले वार्डाें में खलीलपुर, मथुरापुर, जौहरपुर, नंदौसी हैं। चारों वार्डों में 33 मतदेय स्थल थे। इनमें 42699 वोटरों में से 22111 ने मतदान किया। यहां 51.82 प्रतिशत मतदान हुआ। शहर में ज्यादा मतदान करने वाले सेक्टर में यह दूसरे नंबर पर है।
कम मतदान में दूसरे नंबर पर बिहारीपुर सिविल लाइंस, नेकपुर, सिठौरा और शांतिविहार वार्ड में 37 मतदेय स्थलों में 49271 वोटरों में से 15200 ने ही वोट डाले हैं। कम वोटिंग होने वाले वार्डाें की श्रेणी में यह दूसरे नंबर है। यहां 30.85 प्रतिशत वोट डाले गए हैं। शहर में सबसे ज्यादा मतदेय स्थल वाले सेक्टर 15 में 45 मतदेय स्थलों में आकाशपुरम, हरूनगला, नवादा शेखान, कटरा चांद खां, एजाज नगर वार्ड में 67510 वोटर थे।
इनमें से 22398 लोगों ने ही मतदान किया। यह 33.18 प्रतिशत रहा। सेक्टर 22 में जनकपुरी भूड़, और कानूनगोयान वार्ड में 25 मतदेय स्थलों में 32346 वोटरों में से 11160 ने ही मतदान किया। यह 34.50 प्रतिशत रहा। सेक्टर 17 में छोटी बिहार, बड़ी बिहार, सुरेश शर्मा नगर, पीर बहोड़ा में 31 मतदेय स्थलों में 43005 वोटरों में 15220 ने मतदान किया है।
यह 35.39 प्रतिशत रहा। सेक्टर 21 में इंदिरा नगर, आईवीआरआई, आवास विकास, कंजादासपुर वार्ड के 33 मतदेय स्थलों में 43922 वोटरों में से 16321 ने वोट डाला यह 37.16 प्रतिशत रहा। इन वार्डाें के रिजल्ट जल्दी आ सकते हैं। इसके अलावा सेक्टर में शामिल वार्डाें में 38 से 46 प्रतिशत मतदान हुआ है।
ये भी पढ़ें - बरेली: पुलिस ने चोरी की घटना का किया खुलासा, तीन महिलाओं को किया गिरफ्तार
