बरेली: अवैध पोल शिफ्टिंग मामले में दो संविदा कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त
नदोसी उपकेंद्र पर बिजली के पोल किए गए थे शिफ्ट, एसडीओ की रिपोर्ट पर अधिकारियों ने की कार्रवाई, सीबीगंज थाने में अवर अभियंता ने दर्ज कराई रिपोर्ट
बरेली, अमृत विचार : नदोसी उपकेंद्र पर बिना एस्टीमेट के अवैध रूप से बिजली के पोल शिफ्ट करने के मामले में जांच में दोषी पाने पर दो संविदा कर्मियों की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। कार्यदायी संस्था बेसिल को इसकी जानकारी दी गई है। इस मामले में अवर अभियंता ने सीबीगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ये भी पढ़ें - बरेली: अपना दल (एस) के महासचिव का निधन
10 मई को सीबीगंज थाना क्षेत्र के नदौसी विद्युत उपकेंद्र से पोषित 11 केवी की लाइन पर कार्य कराने के लिए शटडाउन लिया गया था। इस संबंध में एसएसओ ने पूछा तो उन्हें बताया गया कि बल्लाकोटा गांव में लाइन दुरुस्त करने का कार्य किया जा रहा है, जबकि मालूम करने पर पता चला बल्लाकोटा गांव में ऐसा कोई काम ही नहीं किया जा रहा।
लिहाजा उन्होंने अवर अभियंता से पूरे मामले की शिकायत की। बाद में पता चला कि बल्लाकोट में काम के नाम पर शटडाउन लेकर कुशल संविदा श्रमिक डालचंद और अकुशल संविदा श्रमिक संजीव ने गांव पस्तौर और बादशाह नगर के बीच 11 केवी लाइन के खंभे और लाइन बिना अनुमति एवं प्राक्कलन बनाए शिफ्ट कर दिए।
अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू की और अब रिपोर्ट आने के बाद अधीक्षण अभियंता ग्रामीण अशाेक कुमार चौरसिया ने दोनों कर्मचारियों की तत्काल प्रभाव से सेवाएं समाप्त कर दीं। साथ ही कार्यदायी संस्था मैसर्स ब्राडकास्ट इंजीनियरिंग कंस्ल्टेंट्स इंडिया लिमिटेड (बेसिल) को भी पत्र लिखा है। उन्होंने अवर अभियंता को दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिये। जिसके बाद अवर अभियंता ने सीबीगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ये भी पढ़ें - बरेली: कार से बाइक में टक्कर लगने पर चालक को जान से मारने का प्रयास
