बरेली: कबाड़ गोदाम में लगी आग, मची अफरा-तफरी
बरेली, अमृत विचार। सीबीगंज इंडस्ट्रियल एरिया में एक कबाड़ गोदाम में अचानक आग लग गई, कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। ऊंची- ऊंची लपटें और धुएं से आसमान घिर गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड व पुलिस मौके पर पहुंची और डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

बताया जाता है कि सीबीगंज जौहरपुर इंडस्ट्रियल एरिया में एवरग्रीन फर्टिलाइजर के नाम से एक फैक्ट्री चलाई जाती है, जिसके मालिक संजीव अग्रवाल हैं। फैक्ट्री के पीछे ही उन्होंने एक गोदाम बना रखा है, जिसमें कबाड़ का सामान व केमिकल रखा रहता है। शनिवार सुबह करीब 9 बजे अचानक फैक्ट्री में किसी तरह कबाड़ में आग लग गई।
आग से डरे आसपास फैक्ट्रियों के मालिक
कबाड़ गोदाम में आग लगने से आसपास की फैक्ट्री मालिक घबरा गए । कबाड़ गोदाम के बराबर में उद्यमी गौरव मित्तल व उसके सामने उद्यमी तनुज भसीन की फैक्ट्री है। आग लगने की सूचना पर आसपास के कई फैक्ट्रियों के मालिक तुरंत ही मौके पर पहुंच गए, उन्हें आशंका थी कि कहीं कबाड़ गोदाम में लगी आग उनकी फैक्ट्री को भी चपेट में न ले ले। वहीं उद्यमी गौरव मित्तल ने बताया कि इस फैक्ट्री में कई तरह के केमिकल, गंधक, पोटाश आदि ज्वलनशील पदार्थ रखे रहते हैं, अगर इसमें आग लगती तो तेज धमाका हो सकता था, लेकिन गनीमत रही कि उससे पहले ही फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया।
इस कबाड़ गोदाम में दो बार पहले भी लग चुकी है आग
आसपास के उद्यमियों ने बताया कि इस गोदाम में दो बार पहले भी आग लग चुकी है। करीब 5 महीने पहले भी इसी कबाड़ गोदाम में आग भड़की थी, तब भी फायर ब्रिगेड को आग बुझाने में खासी मशक्कत करनी पड़ी थी। बार-बार आग लगने का कारण लोगों को समझ नहीं आ रहा। वहीं आग लगने के बाद मौके पर फैक्ट्री मालिक संजीव अग्रवाल नहीं पहुंचे। बताया गया कि वह कहीं बाहर गए हुए हैं, इस वजह से फैक्ट्री में हुए नुकसान का भी आकलन नहीं किया गया।
फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों ने कबाड़ गोदाम में लगी आग पर काबू पाया। आग किस कारण से लगी इसकी जांच की जा रही है। गोदाम मालिक बाहर गए हुए हैं, उनके आने पर उनसे मामले की पूछताछ की जाएगी---चंद्र मोहन शर्मा, चीफ फायर ऑफिसर।
ये भी पढे़ं- बरेली: मतगणना स्थल के बाहर चर्चाओं का बाजार गर्म, सभी लगा रहे अपने-अपने आंकड़े
