कर्नाटक में जीत के बाद बोले कमलनाथ, 'अब मध्यप्रदेश के लिए कमर कस लें कार्यकर्ता '

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भोपाल। कर्नाटक चुनाव में जीत के लिए कांग्रेस के आला नेतृत्व को बधाई प्रेषित करते हुए मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज कहा कि अब पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता मध्यप्रदेश चुनाव के लिए कमर कस ले। कमलनाथ ने अपने ट्वीट में कहा कि कर्नाटक चुनाव में शानदार जीत के लिए वे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और अपनी भारत जोड़ो यात्रा से देश में नई क्रांति का संचार करने वाले राहुल गांधी सहित कर्नाटक के सभी नेता, कार्यकर्ताओं और जनता को हार्दिक बधाई देते हैं। कर्नाटक की जीत ने दिखा दिया है कि जनता सच्चाई का साथ देती है। 

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में प्रचंड बहुमत से जीत के बाद तय है कि मध्य प्रदेश में भी कांग्रेस पार्टी की सरकार बनेगी। सौदेबाजी की राजनीति समाप्त होगी। कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता अब मध्यप्रदेश के लिए अपनी कमर कस ले। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने ट्वीट में कहा कि जय बजरंग बली, तोड़ दी 40 फीसदी कमीशन लेने वाले भ्रष्टाचारियों की नली। 

मध्यप्रदेश विधानसभा में पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस की शानदार जीत निश्चित ही राहुल गांधी की अटूट मेहनत का परिणाम है| देश में फैलाए गये नफरत के माहौल को खत्म करने और सच्चाई के रास्ते पर चलने के लिए उनके द्वारा निकाली गई भारत जोड़ो यात्रा के परिणाम कांग्रेस की कर्नाटक में जीत के साथ ही स्पष्ट दिखाई देने लगे हैं| उन्होंने कहा कि इस जीत का असर इस साल मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के चुनावों और 2024 के लोकसभा चुनावों में दिखाई देगा।

ये भी पढ़ें- कर्नाटक में नफरत का बाजार बंद हुआ, मोहब्बत की दुकानें खुलीं: राहुल गांधी

संबंधित समाचार