संभल: करंट की चपेट में आकर युवक की मौत, परिजनों ने किया हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

छुट्टा पशुओं से फसल को बचाने के लिए की गई तारकशी में प्रवाहित करंट से हुई घटना, सुबह पांच बजे मक्का की फसल की सिंचाई करने गया था संजीव

युवक की मौत के बाद जांच करती पुलिस व एकत्र लोग

संभल/कैलादेवी, अमृत विचार। हयातनगर थाना क्षेत्र में छुट्टा पशुओं से फसल को बचाने के लिए की गई तारकशी में लगाये गये करंट की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई।  इस मामले में खेत मालिक पिता-पुत्र सहित तीन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।

थाना क्षेत्र के गांव महोरा लखुपुरा निवासी 24 वर्षीय संजीव शनिवार की सुबह पांच बजे मक्का की फसल की सिंचाई करने खेत पर गया था। पड़ोसी खेत स्वामी ने फसल को छुट्टा पशुओं से बचाने के लिए तारकशी कर रखी थी।

उसने इसमें बिजली के तार जोड़ रखे थे, ताकि खेत में घुसते समय छुट्टा पशुओं को करंट लगे और वह नुकसान न कर सकें। खेत की मेढ़ पर पहुंचे ही संजीव करंट की चपेट में आ गया। उसकी करंट से झुलसकर मौके पर ही मौत हो गई। घंटों बाद अपने खेतों पर काम करने जा रहे ग्रामीणों ने संजीव का शव पड़ा देख परिजनों को सूचना दी। रोते-बिलखते परिजन खेत पर पहुंच गए।

परिजनों ने किया हंगामा, तीन पर एफआईआर
संभल। तारकशी के करंट की चपेट में आकर संजीव की मौत के बाद परिजनों ने खेत मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। थाना प्रभारी करम सिंह पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत किया। संजीव के पिता रामेश्वर ने खेत मालिक सगे भाइयों राजकुमार व बनवारी और उसके बेटे पुष्पेंद्र पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। 

ये भी पढ़ें:- इमरान खान की रिहाई पर एक्स वाइफ जेमिमा गोल्ड स्मिथ ने किया ट्वीट, बोलीं- 'आखिरकार समझदारी...'

संबंधित समाचार