मुरादाबाद : संभल के हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या, गन्ने के खेत में मिला शव
पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की
मुरादाबाद/कुंदरकी, अमृत विचार। जिले के कुंदरकी थाना क्षेत्र में संभल के हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका शव गांव बाहपुर की मिलक में गन्ने के खेत में मिला। उसकी पीठ में दो गोली मारी गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। मामले में मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने उसके ही साथी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रविवार सुबह थाना कुंदरकी क्षेत्र के गांव बाहपुर मिलक में सड़क किनारे स्थित किसान रणवीर सिंह के गन्ने के खेत में एक शव लावारिस हालत में पड़ा मिला। सुबह के समय दौड़ लगाने वाले युवकों की नजर जब शव पर पड़ी तो उन्होंने इसकी सूचना डायल 112 पर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कुंदरकी थाना एसएचओ सुनील कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। थोड़ी देर में ही एसपी देहात संदीप कुमार मीणा व सीओ बिलारी अंकित कुमार भी घटना स्थल पहुंचे और दोनों ने मौका मुआयना किया। मृतक की पीठ पर गोली के दो निशान मिले।
मरने वाले के एक हाथ में चाकू और दूसरे हाथ में मोबाइल फोन मिला। उस फोन पर बार-बार काल आ रही थी। जिसे पुलिस ने रिसीव किया तो पता चला कि काल मृतक की बेटी की है। फोन की मदद से उसकी पहचान संभल के असमोली थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर डसर निवासी हिस्ट्रीशीटर नाजिम पुत्र मुस्लिम के रूप में हुई। शिनाख्त के बाद पुलिस ने फाेरेंसिक टीम से जांच पड़ताल कराई।
जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जिस जगह पर हत्याकांड को अंजाम दिया गया है, उसी के पास चार किसानों के ट्यूबवेल से चोरी हुई है। इसलिए पुलिस इस हत्याकांड को चोरी के दौरान हुए विवाद से जोड़कर देख रही है। फिलहाल पुलिस ने पत्नी की तहरीर पर नाजिम के साथी राजीव निवासी जाटव मोहल्ला गजरौला जिला अमरोहा के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस हत्याकांड की जांच के साथ ही आरोपी राजीव की तलाश में जुट गई है।
थाना कुंदरकी क्षेत्र के बाहपुर की मिलक में गन्ने के खेत में संभल के हिस्ट्रीशीटर नाजिम का शव मिला है। उसकी गोली मारकर हत्या की गई है। पत्नी की तहरीर पर नाजिम के साथी राजीव के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।- हेमराज मीना, एसएसपी
ये भी पढ़ें:- रामपुर : तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा रौंदा, चालक की मौत, छह लोग घायल
