पीलीभीत: खेत की रखवाली करने गए ग्रामीण की पीटकर हत्या
सोमवार सुबह खेत पर मिला शव तो मचा हड़कंप
पूरनपुर, अमृत विचार। खेत की रखवाली करने गए किसान की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। उसका शव लहूलुहान हालत में खेत पर पड़ा मिला। इसकी सूचना मिलने पर एसपी, एएसपी समेत कई अफसर मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज पुलिस की टीमें छानबीन में जुट गई है।
थाना हजारा क्षेत्र का ग्राम भगवानपुरी बाजारघाट नेपाल सीमा से सटा इलाका है। यहां के रहने वाले हरदेव सिंह पुत्र गुरुमुख सिंह खेती करते थे। रविवार रात को वह खेत पर रखवाली करने गए थे। उसके बाद उनकी पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। दूसरे दिन सोमवार सुबह जब परिजन खेत पर पहुंचे तो किसान का शव लहूलुहान हालत में मिला।
शव पर कई जगह चोटें थीं। जिससे साफ तौर पर मामला पीटकर हत्या का प्रतीत हो रहा था। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जमा हो गई। इसकी सूचना मिलने पर हजारा इंस्पेक्टर मनोज कुमार मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। इसके बाद एसपी अतुल शर्मा, एएसपी अनिल कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर गए और जानकारी की।
आसपास के लोगों से भी रंजिश आदि को लेकर पड़ताल की गई। खुलासे के लिए एसओजी, थाना पुलिस की टीमें लगा दी गई है। मृतक के किस-किस से संबंध थे और क्या रंजिश चल रह रही थीं। उसके बारे में भी गहनता से पता लगाया जा रहा है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। उधर, परिवार में घटना के बाद कोहराम मचा रहा।
ग्रामीण के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजन से मिली तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई कराई जा रही है। हमारी टीमें सभी बिंदुओं पर पड़ताल कर रही हैं। जल्द वारदात का खुलासा किया जाएगा--- अतुल शर्मा, एसपी।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: तीन साल पुराने मुकदमे में पूर्व मंत्री हेमराज वर्मा का न्यायालय में सरेंडर, जानिए पूरा मामला
