बरेली: टावर वैगन टकराने की जांच शुरू, अधिकारियों को फटकार
बरेली जंक्शन के पास आपस में टकरा गए थे तीन टावर वैगन
बरेली, अमृत विचार। बरेली जंक्शन के पास चौपुला पर रविवार को तीन टावर वैगन टकराने से पांच रेलवे कर्मचारी घायल हो गए थे। इस मामले की रेलवे के अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। मुरादाबाद मंडल के अधिकारियों ने घायल टीआरडी कर्मचारियों के बयान दर्ज किए है।
उधर संबंधित विभाग के अधिकारियों को तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना नहीं देने को लेकर भी फटकार लगाई। घायल पांच रेल कर्मचारी रेलवे के पैनल में शामिल एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और उनसे हादसे के कारणों के बारे में पूछा। जो टावर विजन क्षतिग्रस्त हो गए थे उनको सीबीगंज में खड़ा कराया गया है।
रविवार दोपहर सीबीगंज और बरेली के बीच अप लाइन पर टावर वैगन से ओएचई का काम होना था। आगे वाले टावर वैगन के ब्रेक जाम हो गए थे जिससे पीछे चल रहे दो टावर वैगन एक दूसरे से टकरा गए। इतने बड़े मामले को दबाने का प्रयास किया गया।
कंट्रोल को कई घंटे तक जानकारी भी नहीं दी गई। मामला मीडिया के जरिए तूल पकड़ा तो रविवार रात को वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर ने बरेली पहुंचकर घायल कर्मचारियों से मुलाकात की। अक्षय, रवि, विक्की, रजनीश, रोहित राम खिलावन, अभिषेक हादसे में घायल हुए थे। सभी के बयान दर्ज किए गए हैं। वहीं मंडल रेल प्रबंधक ने भी पूरे मामले पर नाराजगी जाहिर करते हुए रिपोर्ट तलब की है।
यह भी पढ़ें- बरेली: पूर्व विधायक का रिश्तेदार युवती को कर रहा परेशान, जबरन शादी का बना रहा दबाव
