हरदोई: तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में मारी टक्कर, बहन की दर्दनाक मौत, भाई गंभीर
शाहाबाद, हरदोई, अमृत विचार। एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने एक बाइक में टक्कर मार दी जिससे बाइक पर सवार बहन की कुचल कर मौत हो गई जबकि भाई गंभीर रूप से जख्मी हुआ। जिसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। जनपद शाहजहांपुर के सेहरा मऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के ग्राम सेहरामऊ निवासी आलोक पुत्र गजोधर अपनी बहन आरती के साथ पिहानी से एक वैवाहिक समारोह में शामिल होकर बाइक से वापस लौट रहा था।
उसकी बाइक मझिला थाना क्षेत्र के ग्राम जमुरा के निकट गैस एजेंसी के पास पहुंची । सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली ने उसकी बाइक में टक्कर मारते हुए दोनों को कुचल दिया जिससे उसकी बहन आरती की मौके पर मौत हो गई। जबकि आलोक गंभीर रूप से जख्मी हुआ। आनन-फानन में आलोक को जिला अस्पताल भेजा गया। मौके पर भारी भीड़ एकत्रित हो गई। आलोक के परिजनों को सूचना दी गई।
आलोक के परिजन मौके पर पहुंचे और उनका रो रो कर बुरा हाल है। ट्रैक्टर चालक को ट्रैक्टर सहित पकड़ लिया गया है। सूचना पाकर मझिला के थाना प्रभारी धर्मदास सिद्धार्थ मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर सहित चालक को हिरासत में लिया। मृतक युवती को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
यह भी पढ़ें:-लखनऊ: युवक की जहर खाने से गई जान, सदमे मां को पड़ा हार्ट अटैक, 45 दिन पहले पिता और छोटे भाई की हुई थी मौत
