अमरोहा : दूल्हे को नशे में देख दुल्हन ने शादी से किया इनकार, दोनों पक्षों में पंचायत के बाद हुआ समझौता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमरोहा, अमृत विचार। दूल्हे को नशे की हालत में देख दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। इस के बाद दूल्हा भी शादी न करने की जिद पर अड़ गया। मंगलवार सुबह दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई और दोपहर में लोगों ने समझौता करा दिया।

नौगांवा सादात थाना क्षेत्र में एक गांव में किसान का परिवार रहता है। किसान ने अपनी बेटी का रिश्ता बिजनौर जनपद के थाना चांदपुर के निकट गांव के रहने वाले युवक के साथ किया था। दुल्हन के पक्ष के लोगों ने दहेज में 12 लाख रुपये व कार दूल्हे को पहले ही दे दी थी। बीते सोमवार की रात अमरोहा-धनौरा रोड स्थित एक बैक्वेंट हाल में बरात आई थी। अधिकांश बराती व मेहमान खाकर रात में ही अपने घर लौट गए थे। लेकिन दूल्हा व उसके दोस्त बरात चढ़त में लगे रहे। बैंड के साथ नाच-गाना चल रहा था। बताया जाता है कि दूल्हा भी शराब के नशे में धुत था।

 करीब तीन बजे जयमाला का कार्यक्रम हुआ तो भी दूल्हा ने नशे की हालत में सारी रस्म पूरी की। उस समय तक दुल्हन व उसके परिजन दूल्हे की हरकतों को सहन करते रहे। जयमाला के बाद भी दोस्तों ने दूल्हे को फिर से बग्गी पर बैठा दिया और बरात चढ़ाने लगे। बताया जा रहा है नशे के कारण दूल्हा ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। तड़के में पांच बजे दुल्हन के भाई के मान-मनौव्वल करने पर दूल्हा व उसके दोस्त खाना खाने बैठे तो वहां दूल्हा ने खाने से भरी टेबल ही पलट दिया।

 दुल्हन के भाई ने इसका विरोध किया तो उसके साथ भी गाली-गलौज की। पति को नशे की हालत में देख कर दुल्हन ने उसके साथ शादी करने से साफ मना कर दिया तो दूल्हा भी शादी न करने की जिद पर अड़ गया। दूल्हा और उसके दोस्त व परिजन को बैंक्वट हाल में ही रोक लिया गया। मंगलवार सुबह दोनों पक्षों के बीच पंचायत बैठ गई। दोपहर तक दोनों पक्षों में क्षेत्र के लोगों ने समझौता करा दिया। खर्च का लेनदेन कर दूल्हा को बगैर दुल्हन के वापस लौटना पड़ा। हालांकि इस मामले में कोई पुलिस कार्रवाई नहीं हुई है।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: मजदूर के घर में घुसकर परिवार को पीटा, रिपोर्ट दर्ज

संबंधित समाचार